जीतने की क्षमता के आधार पर तय होंगे उम्मीदवार :पायलट – Candidates Will Be Decided Based On Their Winnability: Pilot
अमृतसर। पंजाब जैसे सीमावर्ती एवं संवेदनशील राज्य को गंभीर और जिम्मेदार सरकार की जरूरत है। यह कहना था अमृतसर पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट का। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने हास्य और हल्की-फुल्की टिप्पणियों पर अधिक ध्यान दिया, जबकि प्रदेश के गंभीर मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता थी।
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और जनता बदलाव चाहती है। पायलट ने कहा कि कांग्रेस पंजाब के लोगों को बेहतर विकल्प दे सकती है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन पर सवाल उठाते हुए पायलट ने इसे अवसरवादिता करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों के कारण दोनों दलों का गठबंधन टूटा था, क्या वे अब समाप्त हो गए हैं। पायलट ने बताया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी और उम्मीदवारों का चयन योग्यता, जन प्रतिक्रिया तथा जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। इस मौके पर सह-प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर, पूर्व उप मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, पूर्व मंत्री डॉ. राज कुमार वेरका, सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी पप्पू और सुख ओजला सहित अन्य नेता मौजूद थे। बता दें कि सचिन पायलट गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे के शगुन समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे थे।
