रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जैरीमेंडरिंग:क्या है जैरीमेंडरिंग, कहां से आया यह शब्द और भारत में परिसीमन को लेकर क्यों उठ रहे सवाल? – What Is Gerrymandering? History, Meaning And Why It Is Trending In India Amid Delimitation Debate
ब्रेकिंग न्यूज़

जैरीमेंडरिंग:क्या है जैरीमेंडरिंग, कहां से आया यह शब्द और भारत में परिसीमन को लेकर क्यों उठ रहे सवाल? – What Is Gerrymandering? History, Meaning And Why It Is Trending In India Amid Delimitation Debate

November 28, 2026


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह प्रस्तावित परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह से बदलना चाहती है, जिससे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिल सके। उन्होंने इसे जैरीमेंडरिंग की आशंका से जोड़ते हुए चिंता जताई है। ऐसे में जैरीमेंडरिंग शब्द इन दिनों काफी चर्चा में है। 

जैरीमेंडरिंग क्या है?

जैरीमेंडरिंग चुनाव में जीत हासिल करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में जानबूझकर बदलाव करने की प्रक्रिया है। इसमें किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के मकसद से वोटिंग क्षेत्रों का बंटवारा इस तरह किया जाता है कि उसे ज्यादा सीटें मिल सकें और विरोधी दल को नुकसान हो। कई बार यह बंटवारा नस्ल या किसी खास समुदाय को ध्यान में रखकर भी किया जाता है। आसान शब्दों में कहें तो इसमें चुनाव से पहले ही निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जाती हैं, जिससे नतीजे किसी खास पार्टी के पक्ष में जा सकें।

जैरीमेंडरिंग शब्द की शुरुआत कैसे हुई?

जैरीमेंडरिंग शब्द अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के पूर्व गवर्नर एल्ब्रिज गेरी के नाम पर पड़ा। साल 1810 में गेरी ने गवर्नर का पद संभाला था। उस समय उनकी पार्टी डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन थी। इस पार्टी ने राज्य के सीनेट चुनाव क्षेत्रों का नक्शा नए सिरे से तैयार करवाया। आरोप था कि ऐसा जानबूझकर किया गया ताकि विरोधी पार्टी फेडरलिस्ट को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचे और डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में फायदा मिले। नए नक्शे में एक चुनावी क्षेत्र का आकार काफी अजीब था। वह देखने में छिपकली जैसा लग रहा था। इस नक्शे को लेकर अखबारों में खूब मजाक उड़ाया गया। एक अखबार ने इस क्षेत्र की तुलना सैलामैंडर नाम के जीव से की। इसके बाद गवर्नर गेरी के नाम ‘गेरी’ और ‘सैलामैंडर’ को मिलाकर ‘गेरी-मेंडर’ शब्द बनाया गया। धीरे-धीरे इसी से गेरिमैंडरिंग शब्द चलन में आ गया।

हालांकि, इस नक्शे को तैयार करने में गवर्नर गेरी की सीधी भूमिका बहुत कम बताई जाती है। लेकिन उन्होंने नए नक्शे को कानून के रूप में मंजूरी दी थी। इसी वजह से विरोधी पार्टी और अखबारों ने उन्हें निशाने पर लिया। इस विवाद का असर उनके राजनीतिक करियर पर भी पड़ा और 1812 की शुरुआत में उन्हें दोबारा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। गौर करने वाली बात है कि 1812 के चुनाव में फेडरलिस्ट पार्टी ने गवर्नर का पद तो जीत लिया, लेकिन राज्य की सीनेट पर कब्जा नहीं कर पाई। अगले ही साल 1813 में तस्वीर बदल गई। फेडरलिस्ट पार्टी ने भारी जीत दर्ज की और राज्य की सीनेट पर भी नियंत्रण हासिल कर लिया। यहां तक कि वह सीट भी उसके खाते में चली गई, जिसे गैरीमेंडरिंग के जरिए अपने पक्ष में बनाने की कोशिश की गई थी। इस तरह एक चुनावी नक्शे को लेकर शुरू हुआ विवाद हमेशा के लिए एल्ब्रिज गेरी के नाम से जुड़ गया। दिलचस्प है कि ‘Gerry’ का सही उच्चारण कठोर ‘G’ की आवाज के साथ होता है, लेकिन ‘Gerrymandering’ में इसे आमतौर पर ‘जेरी’ की तरह बोला जाता है।

जैरीमेंडरिंग का हालिया उदाहरण

हाल ही में अमेरिका में 2025 के दौरान जैरीमेंडरिंग का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया था। वहां रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों पार्टियों ने अपने-अपने राज्यों में चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की कोशिश की। इसका उद्देश्य अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपनी पार्टी की सीटें बढ़ाना था।

अगस्त 2025 में टेक्सास ने नया चुनावी नक्शा मंजूर किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मांग पर तैयार किए गए इस नक्शे से रिपब्लिकन पार्टी को पांच अतिरिक्त सीटें मिलने की उम्मीद थी। इसके जवाब में डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण वाले कैलिफोर्निया ने भी नया प्रस्ताव रखा। नवंबर 2025 में वहां के मतदाताओं ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके तहत स्वतंत्र आयोग की जगह राज्य की विधायिका को अस्थायी रूप से चुनावी क्षेत्रों का नक्शा बनाने का अधिकार मिला। आमतौर पर अमेरिका में हर 10 साल में होने वाली जनगणना के बाद चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदली जाती हैं। हालांकि, टेक्सास और कैलिफोर्निया में यह बदलाव जनगणना के बीच में ही किया गया।

गौर करने वाली बात है कि इन कोशिशों का चुनाव में उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं मिला। टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी पांच में से सिर्फ एक निशाने वाली सीट जीत सकी जबकि अपनी दो सीटें भी गंवा दीं। वहीं कैलिफोर्निया में डेमोक्रेटिक पार्टी ने निशाने पर रखी गई पांचों सीटें जीत लीं। इससे साफ हुआ कि चुनावी नक्शा बदलने से किसी पार्टी को फायदा तो मिल सकता है लेकिन मतदाताओं की पसंद बदलने पर यह फायदा खत्म भी हो सकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X