शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

जोगिंद्रनगर में तैयार करेंगे एथलेटिक्स की नई पौध :सावन – We Will Nurture A New Generation Of Athletes In Jogindernagar: Sawan

November 10, 2026


एशियन खेलों के रजत पदक विजेता ने लिया संकल्प

आधुनिक ट्रैक और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए करेंगे प्रयास

संवाद न्यूज एजेंसी

जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर की पहाड़ियों में दौड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले धावक सावन बरवाल अब अपने क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को तराशने के संकल्प के साथ आगे आए हैं। एशियन खेलों में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले सावन बरवाल जोगिंद्रनगर को एथलेटिक्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उनका मानना है कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। जोगिंद्रनगर में एथलेटिक्स की नई पौध तैयार की जाएगी।

मंगलवार को स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर से मुलाकात के दौरान सावन बरवाल ने कहा कि जोगिंद्रनगर की मिट्टी में प्रतिभा और दमखम दोनों हैं। यहां के युवा बचपन से ही पहाड़ी रास्तों पर दौड़ लगाकर शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं। यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर में आधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक, प्रशिक्षण शिविर और नियमित खेल प्रतियोगिताएं शुरू करवाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। एथलेटिक्स सेंटर के खेल मैदान में युवाओं को दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों का विस्तार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जापान में आयोजित एशियन खेलों में 42.195 किलोमीटर मैराथन स्पर्धा में रजत पदक जीतने के बाद सावन इन दिनों अपने पैतृक गांव रड़ा भखेड़ में परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सावन बरवाल को सम्मानित कर करोड़ों रुपये की सौगात दी गई है। अब उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ स्थानीय युवाओं को दिलाने तथा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने सावन

सावन बरवाल के प्रथम खेल प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर ने कहा कि एशियन खेलों की 42.195 किलोमीटर मैराथन स्पर्धा में 44 साल बाद भारत को रजत पदक दिलाने की उनकी उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में नया उत्साह और प्रेरणा पैदा की है।

वहीं, एथलेटिक्स सेंटर जोगिंद्रनगर के पूर्व सैनिक एवं खेल प्रशिक्षक नेत्र ने कहा कि इसी खेल मैदान में अभ्यास कर सावन बरवाल ने देशभर में जोगिंद्रनगर का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि अब क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X