शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जोधपुर:ग्रामीण पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा आर्थिक प्रहार, 3 तस्करों की 2.20 करोड़ की संपत्ति फ्रीज – Jodhpur: Rural Police Deal A Major Financial Blow To Drug Traffickers
जोधपुर

जोधपुर:ग्रामीण पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा आर्थिक प्रहार, 3 तस्करों की 2.20 करोड़ की संपत्ति फ्रीज – Jodhpur: Rural Police Deal A Major Financial Blow To Drug Traffickers

November 10, 2026


Jodhpur: Rural police deal a major financial blow to drug traffickers

पुलिस की कार्रवाई

विस्तार

नशे के कारोबार के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तस्करों के खिलाफ जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन मादक पदार्थ तस्करों की करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत तस्करों की आर्थिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की जांच की गई। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली से अनुमोदित आदेशों के आधार पर तीन तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करवाई गई हैं।

पढे़ं: पटाखे के बारूद में विस्फोट से 12 साल के दिलखुश की दोनों आंखें झुलसीं, 90 प्रतिशत तक पहुंचा नुकसान

पुलिस के अनुसार कापरड़ा थाना क्षेत्र के खोखरिया निवासी घेवरराम पुत्र छोगाराम विश्नोई की करीब 2 करोड़ 18 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें दो मोटरसाइकिल, दो भूखंड और एक आवासीय मकान शामिल हैं। इसी तरह कापरड़ा थाना क्षेत्र के विष्णु की ढाणी निवासी सागर उर्फ शेखर पुत्र आसुराम विश्नोई की 60 हजार रुपये कीमत की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र के रियां सेठा री निवासी धर्मपाल उर्फ धर्माराम पुत्र शंकरराम जाट की एक लाख रुपये कीमत की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल फ्रीज की गई है।

एसपी पंकज यादव ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस अब तस्करों के आर्थिक नेटवर्क, अवैध कमाई, निवेश और उससे खरीदी गई संपत्तियों पर भी नजर रखेगी। सभी थानाधिकारियों को ऐसे अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों की गहन जांच कर अवैध संपत्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी से अर्जित संपत्ति पर भी कानून का शिकंजा कसा जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X