जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रामगढ़ के पास शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पेट्रोल और डीजल से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल और डीजल का रिसाव शुरू हो गया। ज्वलनशील ईंधन के रिसाव से आग लगने की आशंका के चलते आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
क्या है मामला
ट्रेलर मुगलसराय से पेट्रोल और डीजल लेकर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। वाहन को आजमगढ़ निवासी सुरेंद्र यादव चला रहा था। रामगढ़ के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से लगातार ईंधन रिसने लगा। इससे मौके पर गंभीर खतरे की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही चंदवक थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे ट्रेलर को खाई से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की गई।

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। चालक भी सुरक्षित है और उसे चोट नहीं आई है। क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाकर मार्ग पर आवागमन सुचारु करा दिया गया।