शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें :एके शर्मा – Ensure Uninterrupted Power Supply In Urban And Rural Areas: Ak Sharma
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों और विद्युत खंभों को शीघ्र बदलने तथा खराब ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
किसानों की सिंचाई जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने को भी कहा। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विद्युत व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें। योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल निगम की परियोजनाओं के लिए खोदी गई सड़कों को भी शीघ्र आवागमन योग्य बनाने को कहा।
जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों, दवाओं और बेहतर उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति के कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने यातायात व्यवस्था सुगम बनाने को कहा।
समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही न हो। बैठक में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम उपस्थित रहे।
