रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
टोंक में कांग्रेस का दबदबा:अलका बैरवा जिला प्रमुख बनीं, आशाराम उप जिला प्रमुख हुईं निर्वाचित – Tonk News Panchayati Raj Elections Result
टोंक

टोंक में कांग्रेस का दबदबा:अलका बैरवा जिला प्रमुख बनीं, आशाराम उप जिला प्रमुख हुईं निर्वाचित – Tonk News Panchayati Raj Elections Result

November 26, 2026


राजस्थान में नगर निकाय चुनाव से शुरू हुआ कांग्रेस की जीत का सिलसिला पंचायती राज चुनावों में भी जारी है। टोंक में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए जिला परिषद की 31 में से 25 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, आरएलपी के एक निर्वाचित सदस्य का समर्थन मिलने से कांग्रेस की स्थिति और मजबूत हो गई। भाजपा महज पांच सीटों पर सिमटकर रह गई।

जिला प्रमुख पद पर दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी बैरवा की बेटी अलका बैरवा निर्वाचित हुई हैं। वहीं, आज उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। युवा चेहरे आशाराम नागर ने भाजपा के गणेशराम सैनी को 21 मतों से हराकर उप जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया।

जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख आशाराम नागर को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर जीत की घोषणा की। इसके बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख अलका बैरवा और उप जिला प्रमुख आशाराम नागर पटेल सर्किल पहुंचे, जहां समर्थकों ने आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया।

हालांकि, इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आतिशबाजी के बीच एक बड़ा पटाखा आसमान में फूटने के बजाय जमीन पर गिर गया और एसीबी कार्यालय के बाहर स्थित चाय की दुकान के पास जाकर फट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आतिशबाजी की यह घटना कैमरे में भी कैद हो गई।

अब सभी की नजरें टोंक जिले की आठ पंचायत समितियों के प्रधान और उपप्रधान के चुनाव पर टिकी हैं। इनमें से सात पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि मालपुरा में मुकाबला दिलचस्प है। यहां प्रधान पद का चुनाव एक निर्दलीय निर्वाचित सदस्य के समर्थन पर निर्भर है।

सात पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत

पंचायत समिति चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने जिले की आठ में से सात पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है। टोंक पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने चार और आरएलपी ने तीन सीटें जीती हैं। निवाई में कांग्रेस को 19, भाजपा को आठ और निर्दलीय प्रत्याशियों को दो सीटें मिली हैं।

उनियारा में कांग्रेस ने 14, भाजपा ने छह और निर्दलीय प्रत्याशियों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। देवली में कांग्रेस को 25 और भाजपा को 15 सीटें मिली हैं। यहां आरएलपी और बसपा को एक-एक, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों को दो सीटों पर जीत मिली है।

पीपलू में कांग्रेस ने नौ, भाजपा ने सात और आरएलपी ने एक सीट जीती है। टोडारायसिंह में कांग्रेस को 11, भाजपा को पांच और आरएलपी को तीन सीटें मिली हैं। वहीं, मालपुरा में भाजपा ने सात, कांग्रेस ने छह और आरएलपी ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। पचेवर पंचायत समिति में कांग्रेस को 10 सीटें मिली हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X