अजमेर:जिला परिषद में भाजपा का दबदबा, सुनीता लांबा बनीं उप जिला प्रमुख; कांग्रेस की रजिया को 9 वोटों से हराया – Bjp Secures The Post Of Deputy Zila Pramukh In Ajmer; Sunita Lamba Defeats Congress’s Razia By 9 Votes
अजमेर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत दर्ज की है। गुरुवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनीता लांबा उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रजिया को 9 मतों से हराकर पद पर कब्जा जमाया।
चुनाव प्रक्रिया के तहत दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला। इसके बाद हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी सुनीता लांबा को 21 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रजिया को 12 मत प्राप्त हुए। इस तरह सुनीता लांबा ने 9 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
जिला परिषद की 33 सीटों के चुनाव परिणामों में भाजपा पहले ही बहुमत हासिल कर चुकी थी। भाजपा ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 2 सीटें मिली थीं। जिला परिषद में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के चलते उप जिला प्रमुख चुनाव में भी पार्टी की स्थिति मजबूत मानी जा रही थी।
भाजपा प्रत्याशी सुनीता लांबा का जिले की राजनीति में पारिवारिक जुड़ाव भी चर्चा में रहा। वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय सांवरलाल जाट की बहू हैं। इसके साथ ही वह नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा के भाई की पत्नी हैं।
पढ़ें: डोटासरा का भाजपा पर हमला, बोले- जनता ने कुशासन नकारा, अगले चुनाव में दो अंकों तक नहीं पहुंचेगी
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी रजिया भी राजनीतिक परिवार से जुड़ी हैं। उनके पति वाजिद खान चीता मसूदा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस ने जिला परिषद में अपने 12 सदस्यों के समर्थन के आधार पर रजिया को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था, लेकिन मतदान में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इससे एक दिन पहले बुधवार को अजमेर जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव हुआ था। इसमें भाजपा की पूजा भंसाली ने 33 में से 21 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस प्रत्याशी दशरथ कंवर को 11 वोट मिले थे, जबकि एक वोट नोटा के पक्ष में पड़ा था। लगातार दो दिनों तक हुए जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अजमेर जिला परिषद में अपना कब्जा जमा लिया।
