शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
डीयू:छठ के कारण सीधे पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तारीख बदली, विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों का भी बढ़ा क्रेज – Du Updates: Direct Phd Exam Postponed Due To Chhath Puja; Foreign Student Enrollment Surges
शिक्षा

डीयू:छठ के कारण सीधे पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तारीख बदली, विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों का भी बढ़ा क्रेज – Du Updates: Direct Phd Exam Postponed Due To Chhath Puja; Foreign Student Enrollment Surges

November 12, 2026


दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक के बाद सीधे पीएचडी में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। डीयू ने यूजीसीएफ-2022 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (अनुसंधान और उद्यमिता) पूरा करने वाले विद्यार्थियों के लिए सीधे पीएचडी में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। अब यह प्रवेश परीक्षा 21 नवंबर को होगी, इससे पहले यह 14 नवंबर को पूर्व निर्धारित थी। 

डीयू ने क्यों लिया यह फैसला?

डीयू ने छठ महापर्व के कारण छात्रों के हित में यह फैसला लिया है। दरअसल इस साल छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। ऐसे में बड़ी संख्या में डीयू में अध्ययनरत विद्यार्थी अपने गृह राज्यों और शहरों में जाते हैं। छात्रों के लिए 14 तक लौटना संभव नहीं था। ऐसे में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की तारीख एक सप्ताह आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने से उन्हें त्योहार के बाद दिल्ली लौटकर परीक्षा की तैयारी और उसमें शामिल होने का पर्याप्त समय मिल सकेगा। यह प्रवेश परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित की जा रही है।

अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय ने क्या सलाह दी?

परीक्षा से जुड़े अधिकारी के अनुसार परीक्षा तिथि में बदलाव के लिए छात्रों से बड़ी संख्या में आवेदन मिले, जिसके बाद परीक्षा की नई तारीख तय की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का समय और केंद्र छात्रों के एडमिट कार्ड में दिया जाएगा। ऐसे में सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।

डीयू में विदेशी विद्यार्थियों की बढ़ी रुचि

दिल्ली विश्वविद्यालय की पहचान अब सिर्फ देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक सीमित नहीं रह गई है। विदेशी विद्यार्थियों के बीच भी विश्वविद्यालय का आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में डीयू में दाखिले के लिए 93 देशों से 9,000 से अधिक आवेदन मिले। इनमें से 2,000 से ज्यादा विदेशी विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ाई कर रहे हैं। खास बात यह है कि सत्र 2025-26 में पहली बार विश्वविद्यालय के पीएचडी कार्यक्रमों में 74 विदेशी शोधार्थियों ने दाखिला लिया।

डीयू की 103वीं वार्षिक रिपोर्ट में क्या आंकड़े समाने आए?

डीयू की 103वीं वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 में ये आंकड़े सामने आए हैं। यह वार्षिक रिपोर्ट बृहस्पतिवार को होने वाली डीयू की कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में रखी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, विश्वविद्यालय में नियमित पाठ्यक्रमों, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और नॉन-कॉलेजिएट वुमन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) को मिलाकर कुल 6,41,148 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।

वहीं, विदेशी विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान के साथ डीयू ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी अपनी स्थिति बेहतर की है। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ 2026) में विश्वविद्यालय श्रेणी में डीयू छठे स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में विश्वविद्यालय को 322वीं रैंक मिली है, जबकि पिछले वर्ष वह 328वें स्थान पर था।

स्कोपस इंडेक्स्ड जर्नल में डीयू के शोधपत्रों की संख्या कितनी है?

शोध के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने प्रगति दर्ज की है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्कोपस इंडेक्स्ड जर्नल में डीयू के शोधपत्रों की संख्या 4,120 से बढ़कर 4,618 हो गई है। इसमें करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, विश्वविद्यालय का एच इंडेक्स भी 286 से बढ़कर 309 हो गया है। इससे शोध गतिविधियों में बढ़ोतरी का पता चलता है।

तीन नए परिसरों और संस्थानों का हो रहा निर्माण

विश्वविद्यालय अपने बुनियादी ढांचे का भी विस्तार कर रहा है। इसके तहत सूरजमल विहार में ईस्ट कैंपस, द्वारका सेक्टर-22 में वेस्ट कैंपस का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नजफगढ़ में वीर सावरकर कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X