शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
डूंगरपुर:जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए भाजपा और बीएपी में मुकाबला, दोनों को चाहिए पांच सदस्य – Deadlock Over The Post Of District Chief In Dungarpur; Political Stir Intensifies As Both Bjp And Bap
बांसवाड़ा

डूंगरपुर:जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए भाजपा और बीएपी में मुकाबला, दोनों को चाहिए पांच सदस्य – Deadlock Over The Post Of District Chief In Dungarpur; Political Stir Intensifies As Both Bjp And Bap

November 20, 2026


पंचायतीराज चुनाव के नतीजों के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 37 वार्ड वाली जिला परिषद में भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी ने 14-14 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को 9 सीटों से संतोष करना पड़ा। जिला प्रमुख बनाने के लिए 19 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में भाजपा और बीएपी दोनों को बहुमत के लिए पांच अतिरिक्त सदस्यों की जरूरत होगी। अब जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला गठबंधन और राजनीतिक जोड़-तोड़ पर निर्भर है।

जिले की 14 पंचायत समितियों के नतीजों में भाजपा सबसे आगे रही। पार्टी ने 4 समितियों में बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस और बीएपी को 3-3 समितियों में स्पष्ट बहुमत मिला। शेष 4 पंचायत समितियों में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने से निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम होगी।

पंचायत समितिवार परिणाम

सागवाड़ा, साबला, पाड़वा और भंडारी पंचायत समिति में भाजपा ने बहुमत हासिल किया। डूंगरपुर, दोवड़ा और गामड़ी अहाड़ा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला। वहीं, गलियाकोट, चिखली और झोथरी पंचायत समिति में बीएपी ने जीत दर्ज की। सीमलवाड़ा, पाल देवल, बिछीवाड़ा और आसपुर में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला।

निर्दलीय बने किंगमेकर

सीमलवाड़ा में बीएपी को 7, कांग्रेस को 5 और भाजपा को 3 सीटें मिलीं। पाल देवल में कांग्रेस ने 7, बीएपी ने 6 और निर्दलीयों ने 2 सीटें जीतीं। यहां भाजपा अपना खाता भी नहीं खोल सकी। बिछीवाड़ा में बीएपी को 8, कांग्रेस को 7 और भाजपा को 2 सीटें मिलीं। आसपुर में भाजपा 8 सीटों के साथ सबसे आगे रही। कांग्रेस को 5, बीएपी को 3 और निर्दलीय को एक सीट मिली। इन चारों समितियों में सत्ता की चाबी निर्दलीय और अन्य सदस्यों के हाथ में रहेगी।

पढ़ें: पिछले चुनाव से बदली तस्वीर, पंचायत समिति और जिला परिषद में दोनों में कांग्रेस को बढ़त

पूर्व विधायक हारे

जिला परिषद चुनाव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेलजी पाटीदार वार्ड 30 पूंजपुर से चुनाव हार गए। पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा वार्ड 6 वेड़ में तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा की पूर्व जिला प्रमुख के पति बलवीर अहारी को वार्ड 17 से हार मिली। कांग्रेस से पूर्व उप जिला प्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार वार्ड 31 नांदली अहाड़ा से चुनाव हार गए। पूर्व जिला प्रमुख रतनदेवी भराड़ा को भी वार्ड 7 गैंजी में हार का सामना करना पड़ा। बीएपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कांति भाई आदिवासी भी हार गए। बीएपी के सामान्य वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह को वार्ड 25 पाड़वा से हार मिली।

इनकी बची साख

भाजपा की पूर्व विधायक अनिता कटारा ने वार्ड 21 भीलूड़ा से जीत दर्ज की। कांग्रेस के पूर्व विधायक पूंजीलाल परमार वार्ड 34 पुनाली से विजयी रहे। बीएपी के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुतोष रोत ने वार्ड 35 और पार्टी जिलाध्यक्ष प्रसून मसार ने वार्ड 17 गलियाकोट से जीत हासिल की। तीन बार प्रधान रह चुकीं मंजुला रोत ने भी वार्ड 8 झोथरी से चुनाव जीत लिया। सागवाड़ा से भाजपा विधायक शंकरलाल डेचा की बेटी शांति पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुईं। पूर्व सांसद कनकमल कटारा की बहू वर्षा कटारा भी सागवाड़ा पंचायत समिति सदस्य बन गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X