रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धमतरी:60 लाख हड़पने के लिए बनाया चावल सप्लाई का फर्जी बिल, महासमुंद से कारोबारी गिरफ्तार – Police Arrested An Accused From Mahasamund For Committing A Fraud Of ₹60 Lakh
धमतरी

धमतरी:60 लाख हड़पने के लिए बनाया चावल सप्लाई का फर्जी बिल, महासमुंद से कारोबारी गिरफ्तार – Police Arrested An Accused From Mahasamund For Committing A Fraud Of ₹60 Lakh

November 24, 2026


धमतरी जिले में व्यावसायिक लेनदेन के नाम पर 60 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को जिले की कुरुद पुलिस ने महासमुंद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बकाया रकम हड़पने की नीयत से भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदाम में चावल जमा करने के नाम पर 08 फर्जी इनवाइस तैयार किए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला….?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद के धोबनीपारा निवासी 48 वर्षीय उर्मिला शर्मा ने थाना कुरुद में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, प्रार्थिया ने व्यावसायिक लेनदेन के तहत महासमुंद के वार्ड क्रमांक 30, आदर्श नगर निवासी 52 वर्षीय विनय अग्रवाल को केनरा बैंक के माध्यम से RTGS द्वारा अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे।

इस लेनदेन के बाद आरोपी विनय अग्रवाल ने प्रार्थिया को 40 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा। आरोप है कि बकाया 60 लाख रुपये हड़पने की नीयत से आरोपी ने 16 जून 2023 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल FCI के मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर 8 नग फर्जी और कूटरचित इनवाइस व बिल तैयार कर प्रार्थिया को सौंप दिए। जब इन दस्तावेजों की जांच की गई, तो बिलों की तारीखों और तथ्यों में कई गंभीर विसंगतियां पाई गईं।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना कुरुद में आरोपी के खिलाफ अपराध के तहत भादवि की धारा 467, 468, 471 और 420 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे महासमुंद से हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जुर्म साबित होने पर पुलिस ने विनय अग्रवाल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील

इस कार्रवाई के बाद धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी बड़े व्यावसायिक लेनदेन के दौरान संबंधित दस्तावेजों, बिल, इनवाइस और बैंकिंग रिकॉर्ड का भली-भांति सत्यापन जरूर करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X