बदायूं जिले में भूखंड, प्लॉट और कृषि भूमि व मकान खरीदना अब महंगा हो गया। बुधवार को नए सर्किल रेट लागू हो गए। अब नए सर्किल रेट के आधार पर जिलेभर के उप निबंधक कार्यालयों में बैनामे होंगे। 5 प्रतिशत से लेकर 22 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ी हैं। सबसे ज्यादा प्लाटिंग वाले मार्गों पर जमीनों के दाम बढ़े हैं। इन जगहों पर 22 प्रतिशत तक जमीनें महंगी हुई हें। डीएम अवनीश राय ने आदेश जारी कर दिया है।
जिले में बरेली फोरलेन हाईवे, मुरादाबाद हाईवे, एआरटीओ मार्ग के साथ गंगा एक्सप्रेसवे के डहरपुर, वनकोटा और घटपुरी इंटरचेंज के आसपास जमीनें महंगी हुई हैं। सभी तहसीलों से जमीनों की मौजूदा स्थिति और बाजार भाव के आधार पर प्रस्ताव तैयार कराए गए थे। सर्वे पूरा करने के बाद नई प्रस्तावित मूल्यांकन सूचियां तैयार की गईं। जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन की स्थिति, सड़क की चौड़ाई और आवागमन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नए सर्किल रेट लागू किए गए हैं।
खास बात यह है कि सड़क की चौड़ाई के आधार पर भी जमीन के सर्किल रेट में अंतर रखा गया, यानी जिस जमीन के सामने सड़क अधिक चौड़ी है, उसका निर्धारित सर्किल रेट भी उसी अनुपात में अधिक तय किया गया है। इधर, डीएम ने जारी आदेश में कहा है कि उप निबंधक सदर प्रथम, सदर द्वितीय, बिसौली, दातागंज, सहसवान और बिल्सी क्षेत्राधिकार में स्थित अचल संपत्तियों के मूल्यांकन के लिए प्रचलित दरों का परीक्षण कर पुनरीक्षित मूल्यांकन सूची के अनुसार न्यूनतम दरें निर्धारित की गई हैं। 25 नवंबर से दरें प्रभावी कर दी गईं।