Balrampur News:बम गिरा, सायरन बजा, घायल तड़पते रहे… मॉकड्रिल से परखी आपात व्यवस्था – Bombs Dropped, Sirens Wailed, The ‘injured’ Writhed In Pain… Emergency Preparedness Tested Through A Mock Drill
बलरामपुर। नगर के भगवतीगंज चौराहे पर रविवार शाम अचानक बम गिरने की आवाज गूंजी। धमाके के साथ आग लग गई और कई लोग सड़क पर घायल होकर तड़पने लगे। सायरन बजते ही पुलिस सक्रिय हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई, जबकि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। हालांकि, काफी देर तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। दूसरी ओर, हवाई हमले से बचाव के लिए निर्धारित समय पर ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर पहुंचने लगे। यह किसी वास्तविक हमले का दृश्य नहीं, बल्कि आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉकड्रिल का हिस्सा था।
भगवतीगंज चौराहे पर रविवार शाम करीब छह बजे हवाई हमले से बचाव का पूर्वाभ्यास किया गया। इसके लिए पहले से ही गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया था। निर्धारित समय पर पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद गोले के माध्यम से बम धमाके का दृश्य तैयार किया गया। धमाके की आवाज के साथ ही सायरन बजने लगा। मौके पर मौजूद सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। नगर और देहात थाने की पुलिस ने इलाके को घेरकर यातायात बंद कराया। सड़क पर घायल पड़े लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस पहुंचते ही घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा गया। इस दौरान प्रमुख मार्ग पर वाहनों का आवागमन रुकने से जाम की स्थिति भी बनी रही।
व्यवस्था में लापरवाही की स्थिति को परखा, तैयार की गई रिपोर्ट
बम धमाके के बाद आग लगने का दृश्य भी तैयार किया गया था। ऐसे में सीओ सिटी ने सबसे पहले फायर ब्रिगेड को फोन कर मौके पर पहुंचने के लिए कहा। बार-बार फोन करने के बावजूद चंद दूरी पर खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। इसके उलट एंबुलेंस पहले पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेज दिया गया। फायर ब्रिगेड के समय से नहीं पहुंचने के कारण आग बुझाने का पूर्वाभ्यास भी प्रभावित हुआ। इस पर पुलिस अधिकारियों ने नाराजगी जताई। कुछ देर बाद सायरन बजाती हुई फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। इस तरह की खामी को भी परखा गया और रिपोर्ट तैयार की गई, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
ब्लैकआउट के बाद पहुंचे एसपी और प्रभारी डीएम, जानी रिपोर्ट
मॉकड्रिल में ब्लैकआउट और बम धमाके का दृश्य तैयार होने के बाद एसपी और प्रभारी डीएम मौके पर पहुंचे। वास्तविक आपात स्थिति में भी वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए इस पूरी व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया गया।
प्रभारी डीएम हिमांशु गुप्त ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई और रिपोर्ट तैयार की गई है, जिससे वास्तविक स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों का आकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि पूरे शहर ने सहयोग किया है। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बेहतर तैयारियों की जानकारी जुटाई गई और उनका प्रदर्शन कर लोगों को आपात स्थिति के लिए तैयार किया गया है।
कुछ खामियां भी रहीं, जिनकी होती रही चर्चा
आपात स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना भी मॉकड्रिल का अहम हिस्सा था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के मुखिया सीएमओ मौके पर मौजूद नहीं थे। विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर के अधीक्षक डॉ. जावेद और कुछ स्वास्थ्यकर्मी ही पहुंचे थे। पूरे पूर्वाभ्यास का संचालन कलेक्ट्रेट में तैनात एक कर्मचारी ने किया। मौके पर एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात गिरजेश तिवारी, नगर कोतवाल संतोष मिश्र, एआरटीओ बृजेश समेत पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं, आपदा विभाग के किसी अधिकारी की मौजूदगी नहीं होने की कमी भी लोगों को खली।

फोटो-26- नगर के भगवतीगंज में ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान घायल को एंबुलेंस में बैठाते कर्मचारी। स
