Una News:माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के नाम पर स्थानीय व्यापारियों का शोषण का आरोप – Allegations Of Exploitation Of Local Traders In The Name Of The Mata Shri Chintpurni Mahotsav
बड़ूही (ऊना)। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। प्रदेश भाजपा एससी मोर्चा के सचिव मलकीयत सिंह ने चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने महोत्सव के नाम पर स्थानीय व्यापारियों के हितों की अनदेखी और सरकारी धन की कथित फिजूलखर्ची के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मलकीयत सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजन के नाम पर स्थानीय कारोबारियों के रोजगार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय नेतृत्व का कहना है कि तीन दिवसीय महोत्सव से किसी को कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, 30 से 45 दिनों तक बाहरी व्यापारियों की दुकानें लगाना स्थानीय दुकानदारों के साथ अन्याय है। त्योहारों और शादियों के मुख्य सीजन में अंब बाजार के व्यापारियों के सामने पहले ही कारोबार की चुनौती रहती है। ऐसे में बाहरी दुकानों को लंबे समय तक अनुमति देना उनकी रोजी-रोटी पर सीधा प्रहार है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा किसकी जिम्मेदारी है। मलकीयत सिंह ने धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन का भी आरोप लगाया। उन्होंने महंगे कलाकारों पर खर्च को लेकर भी सवाल उठाए।
