शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
न डिग्री, न अनुभव… बस रोबोट कुत्ते को घुमाओ और हर घंटे कमाओ हजारों रुपये! यहां निकली अनोखी नौकरी
वायरल

न डिग्री, न अनुभव… बस रोबोट कुत्ते को घुमाओ और हर घंटे कमाओ हजारों रुपये! यहां निकली अनोखी नौकरी

November 1, 2026


आजकल अच्छी नौकरी पाने के लिए लोगों को डिग्री, अनुभव और कई तरह की स्किल्स की जरूरत पड़ती है. लेकिन अमेरिका में इन दिनों एक ऐसी अनोखी जॉब चर्चा में है, जिसके बारे में जानकर आप भी चौंक जाएंगे. यहां एक टेक्नोलॉजी स्टार्टअप लोगों को रोबोट कुत्तों को सड़क पर घुमाने के लिए हर घंटे 20 डॉलर यानी करीब 1,700 रुपये दे रहा है. सुनने में यह काम भले ही किसी मजेदार एक्टिविटी जैसा लगे, लेकिन इसके पीछे एक बड़ी टेक्नोलॉजी योजना छिपी है. दरअसल, कंपनी इस काम के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को ट्रेन करना चाहती है, ताकि भविष्य में रोबोट इंसानों की मदद के बिना भी असली दुनिया में काम कर सकें.

रोबोट डॉग को टहलाने के मिलेंगे 1,700 रुपये प्रति घंटा

एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में Dimensional नाम की रोबोटिक्स स्टार्टअप कंपनी ने इस अनोखी नौकरी के लिए लोगों की भर्ती निकाली थी. इसमें कर्मचारियों को चार पैरों वाले रोबोट डॉग के साथ शहर की सड़कों पर तय रास्तों पर चलना था. इसके बदले उन्हें 20 डॉलर प्रति घंटे का भुगतान किया जाना था.

इस काम के लिए उम्मीदवारों से किसी खास रोबोटिक्स अनुभव की मांग नहीं की गई थी. कंपनी की तरफ से उन्हें जरूरी ट्रेनिंग भी दी जा रही थी. भर्ती से जुड़ा विज्ञापन 5 अक्टूबर को फेसबुक के Bay Area Jobs ग्रुप में पोस्ट किया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया.

15 किलो का रोबोट खराब हुआ तो खुद उठाना पड़ेगा

इस नौकरी में काम सुनने में जितना आसान लगता है, असल में उतना है नहीं. कर्मचारियों को रोजाना 4 से 6 घंटे तक रोबोट के साथ सड़कों पर घूमना होता था. इसके लिए हाथ में पकड़े जाने वाले कंट्रोलर या मोबाइल ऐप की मदद ली जाती थी. हर शिफ्ट पूरी होने के बाद भुगतान किया जाता था.

हालांकि, इसमें एक मुश्किल शर्त भी रखी गई थी. रोबोट का वजन करीब 15 किलो है. अगर चलते समय उसकी बैटरी खत्म हो जाए, वह गर्म होकर बंद हो जाए या काम करना बंद कर दे, तो कर्मचारी को उसे उठाकर कंपनी के ऑफिस तक पहुंचाना पड़ता था. यह ऑफिस सैन फ्रांसिस्को के Dogpatch इलाके में है.

AI को सिखाया जा रहा है रोबोट चलाना

दरअसल, Dimensional का मकसद सिर्फ रोबोट डॉग को सड़कों पर घुमाना नहीं है. कंपनी एक ऐसा ओपन-सोर्स ऑपरेटिंग सिस्टम विकसित कर रही है, जिसकी मदद से AI एजेंट रोबोट को नियंत्रित कर सकें. कंपनी के 26 वर्षीय फाउंडर स्टैश पोमिश्टर के मुताबिक, इंसानी ऑपरेटरों के जरिए रोबोट को वास्तविक दुनिया में चलाने का डेटा जुटाया जा रहा है.

इन रोबोट में कैमरे और सेंसर लगे होते हैं, जो आसपास की चीजों, रास्तों और माहौल की जानकारी रिकॉर्ड करते हैं. कंपनी इंसानों द्वारा चलाए गए रोबोट और AI से नियंत्रित रोबोट के प्रदर्शन की तुलना भी करती है. शुरुआती नतीजों से पता चला है कि AI अभी वास्तविक परिस्थितियों में रोबोट को पूरी तरह अपने दम पर संभालने में सक्षम नहीं है.

भविष्य में फैक्ट्रियों और डेटा सेंटर में काम करेंगे रोबोट

कंपनी अब तक अमेरिका, चीन और जर्मनी की कंपनियों से 100 से ज्यादा रोबोट डॉग और 50 ह्यूमनॉइड रोबोट खरीद चुकी है. सैन फ्रांसिस्को की सड़कों पर इस्तेमाल हो रहे रोबोट चीन की कंपनी Unitree के बनाए हुए हैं. इनकी कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.7 लाख रुपये बताई गई है.

कंपनी की योजना भविष्य में इस तकनीक का इस्तेमाल फैक्ट्रियों, डेटा सेंटर, कंस्ट्रक्शन साइट और सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में करने की है. यहां रोबोट भारी सामान उठाने से लेकर कई मुश्किल काम कर सकेंगे. यानी आने वाले समय में ये मशीनें इंसानों के मेहनत वाले कामों में मदद कर सकती हैं. हालांकि, इसके लिए AI को अभी काफी कुछ सीखना बाकी है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X