गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पंजाब में बढ़ी ठंडक:इस जिले में शिमला के बराबर पहुंचा न्यूनतम तापमान, आगे कैसा रहेगा मौसम? – Cold Intensifies In Punjab Today Weather News
पटियाला

पंजाब में बढ़ी ठंडक:इस जिले में शिमला के बराबर पहुंचा न्यूनतम तापमान, आगे कैसा रहेगा मौसम? – Cold Intensifies In Punjab Today Weather News

November 19, 2026


Cold intensifies in Punjab Today Weather news

पंजाब में बढ़ने लगी ठंड
ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाब-चंडीगढ़ में रात की ठंड बढ़ने लगी है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच गया है, जो शिमला के 7.6 डिग्री तापमान के लगभग बराबर है। चंडीगढ़ में भी 21 नवंबर से दिन के तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। वहीं, पंजाब में सुबह घनी धुंध का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर तक कई जिलों में धुंध का पूर्वानुमान जताया है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में रात का पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री दर्ज किया गया।

फरीदकोट में रात सबसे ज्यादा ठंडी 

बुधवार को पंजाब में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा। बठिंडा 29.9 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। रात में फरीदकोट सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना में रात का पारा 8.2, जबकि पटियाला और होशियारपुर में 9.3 डिग्री रहा। दिन में धूप के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है, लेकिन सुबह और रात की ठंड बढ़ रही है।

चंडीगढ़ में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। 19 नवंबर को पारा 29 डिग्री तक जा सकता है, लेकिन 21 नवंबर से अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ेगा। शहर में 19 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी है। शिमला में बुधवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।

उधर, हिमाचल प्रदेश के नौ जिलों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। जनजातीय क्षेत्रों में ठंड ज्यादा है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 और केलांग में माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X