शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

पिता को उनके ख्वाब की, मुझे मेरे नाम की सजा मिली :अब्दुल्ला आजम – Father Did His Dream, I Got The Punishment Of My Name: Abdullah Azam

November 1, 2026


रामपुर। पिता आजम खां के साथ शनिवार शाम जेल से बाहर आने के बाद अब्दुल्ला आजम ने तंज भरे लहजे में सिस्टम और अपनी कानूनी लड़ाइयों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मेरे पिता को उनके यूनिवर्सिटी बनाने के ख्वाब की और मुझे मेरे अब्दुल्ला नाम की सजा मिली है।

जेल से बाहर आते ही अब्दुल्ला आजम का यह दर्द और तंज सोशल मीडिया से लेकर सियासत के गलियारों तक चर्चा का विषय बन गया है। वह बोले-पिछले आठ सालों में जो हमारे साथ हुआ है, वह शायद ही किसी के साथ हुआ हो… भैंस चोरी, बकरी चोरी, मुर्गी चोरी, जाने क्या-क्या।

घर लौटते वक्त मीडिया से मुखातिब हुए अब्दुल्ला आजम ने तंज कसते हुए कहा कि आजम साहब को 10 साल की सजा टीवी-फ्रिज चोरी करने में नहीं, करवाने में हो गई और उस जगह पर हो गई, जहां कभी घर-मकान थे ही नहीं।

अपने जन्मतिथि विवाद का जिक्र करते हुए अब्दुल्ला ने बेहद भावुक और कड़े शब्दों में कहा है कि मैं एक ऐसा बदनसीब इंसान हूं, जिसकी पैदाइश का वीडियो साक्ष्य है, अस्पताल का रिकॉर्ड है, मां की मैटरनिटी लीव के सबूत हैं। फिर भी मैं पिछले सात साल से इस बात की सजा काट रहा हूं कि मैंने अपनी गलत जन्मतिथि ठीक क्यों करा ली। मेरी बदनसीबी है कि मैं इसे साबित नहीं कर सका, क्योंकि मेरा नाम अब्दुल्ला है। यदि मेरा नाम अब्दुल्ला नहीं होता, तो शायद मैं इस सच को साबित कर पाता। हमारे पास कोई अधिकार नहीं है, हम इंसान नहीं हैं।

अब्दुल्ला आजम ने सवाल उठाया कि क्या उनका परिवार वाकई समाज के लिए इतना बड़ा खतरा है ? उन्होंने कहा है कि एक गलती हो गई उनसे (आजम खां से), उन्होंने उस रामपुर में पढ़ाई का इंतजाम कर दिया जहां साक्षरता दर सिर्फ 22 फीसदी थी। उन्होंने ख्वाब देखा कि मेरे शहर में एक यूनिवर्सिटी बने। उनका यही ख्वाब देखना बहुत बड़ी गलती हो गई। अगर बाकी नेताओं की तरह वे भी सिर्फ अपनी राजनीति करते, तो आज हालात कुछ और होते। उन्हें उनके ख्वाब की और हमें हमारे नाम की सजा मिली है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आजम खां को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर अब्दुल्ला आजम ने व्यंग्य करते हुए कहा कि इसमें क्या कहें ? आज जमानत पर छूटेंगे, तो कल फिर किसी टीवी-फ्रिज चोरी के मामले में दोबारा सजा हो जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X