मेरठ में शुक्रवार सुबह स्मॉग की मोटी परत छाई रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 296 पहुंच गया। बागपत में एक्यूआई 218, मुजफ्फरनगर में 240 और गाजियाबाद में 260 दर्ज किया गया। धीमी हवा के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह-शाम बढ़ रहा प्रदूषण
शुक्रवार सुबह मेरठ समेत आसपास के जिलों में आसमान पर धुंध और धुएं का असर साफ दिखाई दिया। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का स्तर अधिक बढ़ रहा है। इस दौरान वातावरण में स्मॉग की मोटी परत नजर आ रही है। खुले स्थानों और मुख्य मार्गों पर सुबह धुंध का असर ज्यादा दिखाई दिया।
हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में ही जमा हो रहे हैं। इससे प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो पा रहा है। मेरठ समेत आसपास के जिलों में हवा की गुणवत्ता खराब होने से लोगों को परेशानी हो रही है।