Rampur News:अंकुरण से पहले ही बीज चट कर रहे बंदर – Monkeys Are Devouring The Seeds Even Before They Can Germinate
शाहबाद (रामपुर)। मौसम की मार के बीच बंदर किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। गली-मोहल्लों में राहगीरों पर झपटने वाले बंदरों ने अब झुंड के रूप में खेतों का रुख कर लिया है। आलम यह है कि किसान खेतों में गेहूं की बोआई कर रहे हैं लेकिन बंदर जमीन खोदकर बोए गए बीज तक चट कर जा रहे हैं। अन्नदाता की महीनों की मेहनत और लागत पर बंदरों का यह आतंक भारी पड़ रहा है।
शाहबाद के जयतोली रोड स्थित एक खेत में बंदरों का झुंड जमीन से गेहूं के दाने निकालकर खाता नजर आया। केवल जयतोली रोड ही नहीं, बल्कि बंदार, पशुपुरा और हिम्मतपुर समेत आसपास के कई गांवों में बंदरों के झुंड खेतों में डेरा डाले हुए हैं। दिन-रात खेतों की रखवाली करना किसानों के लिए किसी कड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
इस मामले में नगरपालिका के ईओ त्रिवेंद्र कुमार ने बताया कि वह वन विभाग की टीम के साथ बैठकर बंदरों को पकड़ने का प्लान तैयार करेंगे। बंदरों को पकड़कर कहां भेजना है, यह भी तय करेंगे, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल जाए।
वर्जन
बंदरों के कारण लोगों ने गन्ने की फसल करना कम कर दी है। अब गेहूं की बोआई चल रही है। बंदर जमीन में से गेहूं का बीज निकालकर खा रहे हैं। बंदरों के कारण फसलों पर काफी संकट आ गया है। किसान नुकसान में जा रहे हैं। -गुल मोहम्मद, मढ़ेया तुलसी
जंगलों में बंदरों के कारण फसल करना बंद कर दी है, क्योंकि बंदर बहुत नुकसान पहुंचा रहे थे। अब मजबूर होकर खेतों में लकड़ी लगा दी है। कुछ दिन पहले मेरे पीछे भी बंदरों का झुंड पड़ गया था। मैं नगर पंचायत में बंदर पकड़वाने का प्रस्ताव रखूंगा। -बबलू अली, सभासद नगर पंचायत
बंदरों का आतंक बहुत है। जंगलों में बंदर फसलें तबाह कर रहे हैं। गन्ने की फसल को बंदरों का झुंड खूब खा रहा है। बंदरों के कारण कई ग्रामीण जख्मी भी हो गए हैं। हम भी प्रधान संगठन के लोग बंदर पकड़वाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बात करेंगे। -इजमाम उल हक, ग्राम प्रधान मित्रपुर
बंदरों के कारण अब बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है। बंदर कपड़े फाड़ रहे हैं, फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इनको पकड़कर बाहर दूर भेजना चाहिए। -डॉ. इमरान
शाहबाद में बंदर बहुत अधिक संख्या में हैं। बंदरों के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। नगर पंचायत को इन बंदरों को पकड़कर बाहर भेजना चाहिए। -राहुल सक्सेना, अध्यापक
