माता-पिता को खोने के बाद समाज में असुरक्षा और शोषण के डर से एक युवती ने लिंग परिवर्तन कराकर पुरुष के रूप में जीवन जीने का फैसला किया। चार साल पहले एसआरएन अस्पताल में उसकी सर्जरी हुई थी। अब उसके चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ आ गई है और आवाज भी पुरुषों जैसी हो गई है। युवक का कहना है कि अब वह खुद को सुरक्षित महसूस करता है और रात में भी अकेले आने-जाने से डर नहीं लगता।
फाफामऊ निवासी 20 वर्षीय युवती का 14 जून 2022 को एसआरएन अस्पताल में लिंग परिवर्तन किया गया था। सर्जरी की प्रक्रिया करीब एक साल तक कई चरणों में चली। बृहस्पतिवार को वह यूरोलॉजी विभाग में डॉ. दिलीप चौरसिया से मिलने पहुंचा। उसने मुस्कुराते हुए डॉक्टर को बताया कि वह वही मरीज है, जिसका लड़की से लड़का बनाया गया था।
इस सर्जरी में प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित जैन और यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के चिकित्सकों ने भी सहयोग किया। प्रारंभिक सर्जरी डॉ. मोहित जैन की देखरेख में हुई, जबकि स्तन और गर्भाशय हटाने की प्रक्रिया स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग ने पूरी की। सर्जरी के बाद मरीज को हर तीन महीने पर हार्मोन का इंजेक्शन दिया जा रहा है। आगे की सर्जरी उसने किसी दूसरे स्थान पर कराने का निर्णय लिया है।