Jhansi News:अब थाने से सीधे एसएसपी को फरियाद सुना सकेंगे पीड़ित – Victims Will Now Be Able To Take Their Grievances Directly From The Police Station To The Ssp
झांसी। अब पीड़ितों को अपनी फरियाद लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिले के सभी थानों में कार्यदिवसों पर ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा मिलेगी। पीड़ित संबंधित थाने पर पहुंचकर सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक वीडियो कॉल के जरिये सीधे एसएसपी विकास कुमार से अपनी शिकायत कर सकेंगे। थानेदार वीडियो कॉल की व्यवस्था कराएंगे। सुनवाई के दौरान ही एसएसपी संबंधित मामले में जांच अथवा कार्रवाई के निर्देश देंगे। इससे दूरदराज के पीड़ितों का समय और आने-जाने का किराया बचेगा।
एसएसपी कार्यालय में सुबह से ही फरियादियों का पहुंचना शुरू हो जाता है। कोई ककरबई से तो कोई मोंठ अथवा मऊरानीपुर से अपनी शिकायत लेकर पहुंचता है। कई बार फरियादियों की लंबी कतार लग जाती है। दूरस्थ इलाकों से आने वाले लोगों को आने-जाने में समय और पैसा खर्च करना पड़ता है। उनकी इसी परेशानी को देखते हुए एसएसपी ने थानों के माध्यम से ऑनलाइन जनसुनवाई की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
नई व्यवस्था के तहत पीड़ित को अपनी शिकायत लेकर संबंधित थाने पहुंचना होगा। वहां थानेदार वीडियो कॉल के जरिये एसएसपी से सीधे बात कराएंगे। इस दौरान पीड़ित खुद अपनी समस्या और शिकायत एसएसपी के सामने रख सकेगा। शिकायत सुनने के बाद एसएसपी संबंधित थानेदार को जांच अथवा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे। हालांकि, निर्देशों के अनुपालन के लिए अभी कोई समयसीमा निर्धारित नहीं की गई है।
सुनवाई का डिजिटल रिकॉर्ड भी रहेगा सुरक्षित
वीडियो कॉल के जरिये होने वाली सुनवाई और एसएसपी की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाएगा। इससे शिकायत और उस पर दिए गए निर्देशों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। यह पुलिस के लिए डिजिटल साक्ष्य के रूप में भी उपयोगी हो सकता है।
एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान पता चलता है कि कई फरियादी 40 से 50 किलोमीटर दूर से अपनी शिकायत लेकर आते हैं। इससे उनका समय और किराया दोनों खर्च होते हैं। उनकी सहूलियत के लिए सभी थानों में ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था की जा रही है, ताकि पीड़ित अपने नजदीकी थाने से ही सीधे अपनी बात उन तक पहुंचा सकें।
