प्रेग्नेंट बेटी को पीट-पीटकर मारा, ईरान में हर 2 दिन में एक महिला का कत्ल, ऑनर किलिंग को ढाल देते हैं ये कानून
November 25, 2026
ईरान में ऑनर किलिंग के डरावने आंकड़े क्या बताते हैं?
रेडियो फ्री यूरोप/रेडियो लिबर्टी (RFE/RL) के रेडियो फरदा के एक विश्लेषण में सामने आया कि ईरान के पिछले ईरानी कैलेंडर वर्ष में कम से कम 133 महिलाओं और लड़कियों की उनके पति या परिवार के पुरुष सदस्यों ने हत्या कर दी. इसका मतलब है कि औसतन हर दो दिन में एक महिला या लड़की की हत्या हुई. 318 दिनों में सामने आए मामलों पर आधारित इस विश्लेषण में पाया गया कि हत्या के दर्ज मामलों में से केवल तीन में आरोपी पीड़ित महिला के परिवार से बाहर का व्यक्ति था. इन मामलों में चोरी या यौन हिंसा जैसे कारण सामने आए थे.
रिपोर्ट में 17 साल की दो लड़कियों कानी अब्दुल्लाही और आतिफेह जगीबी की हत्याओं का भी जिक्र किया गया. उत्तर-पश्चिमी ईरान में अब्दुल्लाही की उसके पिता ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. वहीं, जगीबी को उसके पिता और भाई ने गोली मार दी थी. उस समय वह अपनी नवजात बेटी को गोद में लिए हुए थी. इन घटनाओं ने परिवार के सदस्यों द्वारा महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली हिंसा पर फिर से ध्यान खींचा.
कहीं पिता ने मारा, कभी प्रेमी ने मारी गोली
ईरानी मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर की गई एक अलग गिनती में सामने आया कि 21 मार्च से 13 अक्टूबर 2026 के बीच कम से कम 84 महिलाओं और लड़कियों की हत्या की गई. इनमें से 75 मामलों में आरोपी ऐसा व्यक्ति था, जिसे पीड़िता जानती थी. मारे गए लोगों में 12 लड़कियां 18 साल से कम उम्र की थीं. इनमें से आठ की हत्या उनके पिता, भाइयों या परिवार के दूसरे पुरुष सदस्यों ने की थी. हालांकि, इस रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि ये आंकड़े केवल मीडिया में सामने आए मामलों पर आधारित हैं. इन्हें पूरे देश में हुई हत्याओं का पूरा आंकड़ा नहीं माना जा सकता. 18 नवंबर को 23 साल की सदफ हघबिन की गिलान प्रांत में उसके जन्मदिन की पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. स्थानीय मीडिया ने गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान उसके पूर्व प्रेमी के रूप में की. वहीं, खबरों के मुताबिक, हत्या की वजह शादी से इनकार करना था.
एक अन्य मामले में करमानशाह की 16 साल की स्कूली छात्रा सोगंद सयादी की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. शिक्षकों के राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन के एक संगठन के मुताबिक, उसने स्कूल अधिकारियों को पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर उसे उसके पिता के साथ घर भेजा गया तो वह उसकी हत्या कर देगा. इस घटना और मौत के हालात को लेकर कई सवाल उठे. इसके बाद घरेलू हिंसा का सामना कर रहे बच्चों की सुरक्षा के लिए मजबूत इंतजाम करने की मांग उठी.
देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के कुछ पारंपरिक और रूढ़िवादी प्रांतों में कुल हत्याओं में से 45 फीसदी तक मामले ऑनर किलिंग के थे. (फोटो- REUTERS)
ईरान के कानून ऑनर किलिंग करने वालों को कैसे बचाते हैं?
ईरान की इस्लामिक पीनल कोड की धारा 301 के तहत, अगर कोई पिता या दादा जानबूझकर अपने बच्चे या पोते-पोती की हत्या करता है, तो उसे ‘किसास’ यानी बदले में वैसी ही सजा देने से छूट मिल जाती है. इसका मतलब है कि ऐसे पिता या दादा को हत्या के दूसरे दोषियों की तरह मौत की सजा नहीं दी जाती. ईरान की बदले पर आधारित न्याय व्यवस्था में हत्या के अन्य मामलों में मौत की सजा का प्रावधान है. और हां, हत्या के मामले में ये छूट सिर्फ पिता और दादा को मिलती है, मां को नहीं.
मौजूदा कानून के तहत, अगर कोई पिता या दादा अपने बच्चे की जानबूझकर हत्या करता है, तो कानूनी शर्तें पूरी होने पर उसे तीन से 10 साल तक की जेल हो सकती है. यानी उसे किसास के तहत मौत की सजा नहीं दी जाती. वकीलों ने इस कानून में बदलाव की मांग की है. उनका कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध के लिए यह सजा पर्याप्त नहीं है. वकील सालेह नोगरेहकर ने इंसाफ न्यूज से कहा कि मौजूदा कानून में दी जाने वाली सजा न तो उचित है और न ही पर्याप्त. उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों को सजा से बचने का मौका मिलने से ऐसी हिंसा को बढ़ावा मिल सकता है.
पति कर सकता है व्यभिचारी पत्नी की हत्या
ईरान की पीनल कोड की धारा 630 में व्यभिचार यानी शादी के बाहर शारीरिक संबंध बनाने को लेकर एक और विवादित प्रावधान है. इस कानून में कहा गया है, ‘अगर कोई पुरुष अपनी पत्नी को किसी दूसरे पुरुष के साथ व्यभिचार करते हुए देखता है और उसे पता है कि पत्नी की सहमति से ऐसा हो रहा है, तो वह दोनों की एक साथ हत्या कर सकता है. अगर महिला निर्दोष है, तो वह केवल पुरुष की हत्या कर सकता है.’
वकील और मानवाधिकार विशेषज्ञ सईद देहघान ने RFE/RL को बताया कि धारा 630 के कारण ऑनर किलिंग के मामलों में कई बार जज दोषियों को कम सजा देते हैं. कुछ मामलों में तो उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल की सजा भी नहीं दी जाती. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि ईरान का कानूनी ढांचा कुछ पारिवारिक हत्या के मामलों में सजा देने या माफ करने के फैसले पर पिता और पतियों को प्रभाव डालने का अधिकार देता है.
DW की एक रिपोर्ट ने ऑनर किलिंग के मामलों में इस व्यवस्था की समस्या को उजागर किया. इसके मुताबिक, अपराधी के परिवार के सदस्यों के पास यह प्रभावित करने का अधिकार हो सकता है कि उसे सजा मिलेगी या माफ कर दिया जाएगा. इससे दोषियों की जवाबदेही कमजोर हो सकती है, खासकर तब जब परिवार के सदस्य हत्या का समर्थन करते हों. ईरान की पुलिस अकादमी के 2020 के एक अध्ययन में पाया गया कि देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के कुछ पारंपरिक और रूढ़िवादी प्रांतों में कुल हत्याओं में से 45 फीसदी तक मामले ऑनर किलिंग के थे.
महिलाएं घर के भीतर भी हिंसा का शिकार?
महिलाओं के व्यवहार और परिवार की इज्जत से जुड़ी सामाजिक अपेक्षाएं ऑनर किलिंग की घटनाओं में बड़ी भूमिका निभाती हैं. कुछ पारंपरिक और रूढ़िवादी समुदायों में किसी महिला का जोर से हंसना या किसी ऐसे पुरुष से दोस्ताना बातचीत करना, जो उसके परिवार का हिस्सा नहीं है, सामाजिक मान्यताओं के खिलाफ माना जाता है. ऐसे व्यवहार का आरोप लगने पर महिलाओं को कई बार अपनी बात रखने या खुद को निर्दोष साबित करने का उचित मौका भी नहीं मिलता.
मनोविश्लेषक सबा अलालेह का कहना है कि पुरुषों को बचपन से ही कई बार यह सोच सिखाई जाती है कि महिलाओं को नियंत्रित करना और उनके व्यवहार व फैसलों पर नजर रखना उनकी जिम्मेदारी है. उनके मुताबिक, पुरुषों की पहचान को महिलाओं की आज्ञाकारिता से जोड़ दिया जाता है. जब सांस्कृतिक मान्यताएं, सामाजिक समर्थन और चुप्पी इस सोच को बढ़ावा देते हैं, तो हिंसा धीरे-धीरे सामान्य मानी जाने लगती है. महिलाओं की आर्थिक निर्भरता और सामाजिक मदद की कमी उनकी मुश्किलें बढ़ाती हैं. महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का न होना और सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, कानूनी व शैक्षणिक कारण मिलकर ऐसी परिस्थितियां पैदा करते हैं, जिनमें महिलाओं के खिलाफ हिंसा जारी रहती है.
ईरान के पिछले ईरानी कैलेंडर वर्ष में कम से कम 133 महिलाओं और लड़कियों की उनके पति या परिवार के पुरुष सदस्यों ने हत्या कर दी. (REUTERS)
ईरान में घरेलू हत्याओं के आंकड़ों का कोई व्यापक और आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है. रेडियो फ्री यूरोप/रेडियो लिबर्टी की 2024 की जांच में परिवार के सदस्यों द्वारा हत्या के 133 मामलों में से 51 को ‘पारिवारिक विवाद’ बताया गया था. मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि इस तरह की श्रेणी में दर्ज करने से हत्या के पीछे के ऑनर किलिंग से जुड़े कारण छिप सकते हैं. शोधकर्ताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि घरेलू हिंसा का वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है. कुछ अनुमानों के मुताबिक, ऐसे मामलों की संख्या आधिकारिक तौर पर दर्ज मामलों से 100 गुना तक अधिक हो सकती है.
पत्रकार और महिला अधिकार कार्यकर्ता शिवा गंजी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में इस समस्या को समझाते हुए लिखा, ‘समस्या सिर्फ किसी एक पिता या परिवार की नहीं है. यह ऐसी संस्कृति की समस्या है, जो महिला के शरीर को परिवार की संपत्ति मानती है, उसके प्यार को अपराध, उसके विरोध को परिवार की बेइज्जती और उसकी चुप्पी को एक गुण समझती है.’
