Jhajjar-bahadurgarh News:कहीं सजेगा मंडप, कहीं उठेगी बारात.. तारीखों से पहले बुक हुए मैरिज हॉल – Wedding Pavilions Will Be Set Up In Some Places And Wedding Processions Will Emerge In Others Marriage Halls Are Being Booked Well In Advance Of The Actual Dates
बहादुरगढ़। करीब चार महीने के इंतजार के बाद अब शहर में एक बार फिर शहनाइयां गूंजने की तैयारी है। 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस दिन अत्यंत शुभ होने के कारण बहादुरगढ़ में 200 से अधिक शादियां होने का अनुमान है।
नवंबर और दिसंबर में विवाह के 12 प्रमुख मुहूर्त होने से बैंक्विट हॉल, टेंट हाउस, बैंड-बाजा और घोड़ी-बग्घी संचालकों के यहां रौनक बढ़ गई है। बैंक्विट हॉल संचालकों के अनुसार नवंबर और दिसंबर की ज्यादातर प्रमुख तारीखों पर बुकिंग पूरी हो चुकी है। कई तारीखों पर एक ही दिन में तीन से चार शादियों की बुकिंग है।
बैंक्विट हॉल संचालक सन्नी नरूला ने बताया कि नवंबर से जनवरी तक अधिकांश बैंक्विट हॉल बुक हो चुके हैं। फरवरी और मार्च के लिए भी 70 से 80 प्रतिशत तक बुकिंग हो चुकी है। वहीं संचालक देवेंद्र के मुताबिक बड़े विवाह मुहूर्तों पर एक ही दिन में तीन से चार शादियों की बुकिंग मिल रही है। अब बैंड और बग्घी की मांग भी बढ़ने लगी है।
टेंट हाउस संचालक सचिन राठी ने बताया कि दिसंबर तक टेंट की सभी प्रमुख बुकिंग हो चुकी हैं। वहीं, शादी के सीजन का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर व्यापारी प्रताप जांगड़ा ने बताया कि रेलवे रोड और झज्जर रोड स्थित उनके बड़े शोरूमों में शादी के सीजन के लिए अभी से करोड़ों रुपये के सामान की बुकिंग हो चुकी है। इससे आने वाले दिनों में बाजार में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
चार महीने बाद शुरू होंगे मांगलिक कार्य
ज्योतिषाचार्य प्रवीण शास्त्री के अनुसार 24 जुलाई को देवशयनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे। इस कारण विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों पर विराम लगा हुआ था। अब 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ विवाह का दौर शुरू होगा। 13 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक मलमास के कारण विवाह के मुहूर्त नहीं रहेंगे। 15 जनवरी से फिर शादियां शुरू होंगी और 28 जून 2027 तक अच्छे मुहूर्त रहेंगे। इसके बाद शुक्र तारा अस्त होने और 13 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ विवाह का सीजन फिर थम जाएगा।
नवंबर-दिसंबर में विवाह के प्रमुख मुहूर्त
महीना तारीख
नवंबर 20, 21, 24, 25 और 26
दिसंबर 1, 2, 3, 4, 5, 11 और 12
फोटो-53: बहादुरगढ़ में शादियों के लिए सजा एक बैंक्विट हॉल। संवाद
फोटो-54: बहादुरगढ़ में शादियों के लिए सजा एक बैंक्विट हॉल। संवाद

फोटो-53: बहादुरगढ़ में शादियों के लिए सजा एक बैंक्विट हॉल। संवाद
