बलविंदर संधू हत्याकांड :साली की शादी के लिए नवप्रीत को नहीं मिली जमानत अदालत से – Balwinder Sandhu Murder Case: Navpreet Denied Bail By Court For Sister-in-law’s Wedding
मोहाली। कॉमरेड बलविंदर सिंह संधू हत्याकांड के आरोपी नवप्रीत सिंह उर्फ नव को अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए अदालत से राहत नहीं मिली है। मोहाली की विशेष एनआईए अदालत ने उसकी एक सप्ताह की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी ने 19 से 25 नवंबर तक जमानत मांगी थी, ताकि वह 23 नवंबर को होने वाली शादी और 22 नवंबर को होने वाली शगुन की रस्म में शामिल हो सके। आरोपी नवप्रीत ने दलील दी थी कि वह दुल्हन का इकलौता जीजा है और पंजाबी रीति-रिवाजों के लिए उसकी मौजूदगी जरूरी है।
उसके वकील ने बताया कि आरोपी ने पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे 11 नवंबर को वापस लेने की अनुमति मिली थी। आरोपी ने अपने और ससुराल पक्ष के गांवों की पंचायतों के चरित्र संबंधी आश्वासन भी पेश किए थे। एनआईए ने जमानत का विरोध किया। विशेष लोक अभियोजक उर्फी मसूद सैयद ने अदालत को बताया कि यह मामला 16 अक्तूबर 2020 को कॉमरेड बलविंदर सिंह संधू की तरनतारन जिले के भिखीविंड में हत्या से जुड़ा है। अदालत ने आरोपी के खिलाफ आरोपों की गंभीरता, यूएपीए के प्रावधानों और पुलिस की फरार होने की आशंका को देखते हुए जमानत देने का पर्याप्त आधार नहीं पाया। एनआईए के अनुसार, नवप्रीत सिंह खालिस्तान समर्थक विचारधारा से प्रभावित था। वह सह-आरोपियों इंदरजीत सिंह और हरविंदर सिंह के संपर्क में था। आरोप है कि उसने मुख्य आरोपी के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई थी। उसने बलविंदर सिंह संधू के घर-कम-स्कूल की रेकी भी की थी। हत्या के बाद उसने हमलावरों के कपड़े जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया था।
अदालत का फैसला
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। आरोपी पर लगे आरोपों की गंभीरता पर विचार किया गया। यूएपीए के प्रावधानों को भी ध्यान में रखा गया। पुलिस ने आरोपी के फरार होने की आशंका जताई थी। इन सभी कारणों से अदालत ने नवप्रीत सिंह की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
