बांदा जिले में किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी किसानों को बीज के लिए परेशान करना गंभीर मामला है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने नरैनी में खाद वितरण केंद्र और राजकीय बीज भंडार का औचक निरीक्षण करते हुए यह निर्देश दिए।
आयुक्त ने डीआईजी राजेश एस के साथ थाना नरैनी में आयोजित समाधान दिवस में भी प्रतिभाग किया। यहां प्राप्त पांच शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सभी का मौके पर निस्तारण कराया गया। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुक्त ने नरैनी क्रय-विक्रय सहकारी समिति केंद्र का निरीक्षण किया।