Fatehpur News:सील तोड़कर क्लीनिक में भर्ती किए जा रहे थे मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने फिर की सीलिंग – Patients Were Being Admitted To The Clinic After The Seal Was Broken; The Health Department Has Sealed It Once Again
फतेहपुर। विजयीपुर कस्बे के धाता रोड स्थित सरस्वती पॉली क्लीनिक सील होने के बावजूद मरीजों को भर्ती कर रहा था। मुख्य रास्ता बंद होने के बाद वैकल्पिक मार्ग से मरीजों को क्लीनिक के अंदर ले जाया जा रहा था। शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर क्लीनिक को दोबारा सील कर दिया।
सरस्वती पॉली क्लीनिक को पूर्व में अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सील किया था। फिर भी मरीजों को भर्ती कर इलाज किए जाने की शिकायत मिली। इस पर डॉ. ब्रजेश पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान क्लीनिक के अंदर मरीजों की मौजूदगी और दोबारा संचालन की स्थिति देखी गई। इसके बाद टीम ने क्लीनिक को फिर से सील कर दिया।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि विजयीपुर में जल्द ही टीम गठित कर कार्रवाई की जाएगी। अभियान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, ताकि कार्रवाई की जानकारी पहले से किसी को न हो।
पीएचसी के बगल में चल रहे क्लीनिक
स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि कस्बे में कुछ क्लीनिक सील होने के बाद दुकान या शटर बदलकर अथवा वैकल्पिक रास्तों से दोबारा संचालित किए जा रहे हैं। इनमें कुछ क्लीनिक पीएचसी के बगल में तो कुछ महज 100 मीटर की दूरी पर चल रहे हैं।
