बिहार:अनंत सिंह की बेटी की शादी का पंडाल कैसा दिखेगा? कहां-कहां के कारीगर आकर क्या बना रहे, देखिए – Anant Singh Daughter Shivangi Singh Wedding: Grand Jaipur-themed Mandap Being Prepared In Bihar
November 17, 2026

तैयार हो रहा है भव्य पंडाल।
विस्तार
मोकामा विधायक और बाहुबदली अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी के लिए भव्य मंडप और जयमाला स्टेज तैयार किया जा रहा है। इसकी खासियत यह है कि पूरा जयमाला स्टेज जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बनाया जा रहा है। करीब 100 फीट चौड़े और 35 फीट लंबे इस स्टेज की ऊंचाई लगभग 30 फीट होगी। शादी समारोह में हजारों बारातियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए करीब दस बीघा क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं।
जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बनेगा मंडप
जयमाला स्टेज और मंडप बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहे जायसवाल इवेंट के प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इस बार शादी के लिए जयपुर के पत्रकार चौक की थीम चुनी गई है। स्टेज के बीच में रेस्टोरेंट भी बनाए जाएंगे, ताकि मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ जयपुर के पत्रकार चौक की थीम है। इसमें लाल किला या ताजमहल जैसी कोई दूसरी ऐतिहासिक इमारत का दृश्य नहीं बनाया जा रहा है।
मऊ से टेंट के कारीगर, बंगाल से पहुंच रहे लाइटिंग विशेषज्ञ
शादी के भव्य आयोजन को तैयार करने के लिए अलग-अलग राज्यों से कारीगर बुलाए गए हैं। टेंट का काम करने वाले कारीगर उत्तर प्रदेश के मऊ से पहुंचे हैं, जबकि लाइटिंग की व्यवस्था के लिए बंगाल से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। फूल, लाइट, टेंट और कारपेट समेत डेकोरेशन से जुड़े अलग-अलग कामों में करीब 400 से 500 कारीगर जुटे हुए हैं। आयोजकों के मुताबिक, 20 से 21 नवंबर तक जयमाला स्टेज और मंडप भव्य रूप में नजर आने लगेगा।
बिहार में कब-कहां बारिश के आसार, ठंड कितनी बढ़ेगी, पटना का मौसम अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा? जानिए सबकुछ
चार जगह होगी खाने की व्यवस्था
समारोह में आने वाले मेहमानों की संख्या को देखते हुए खाने की व्यवस्था चार अलग-अलग जगहों पर की जा रही है। इसके लिए मंडप, टेंट और दूसरी जरूरी सुविधाओं को तैयार किया जा रहा है। प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इस स्तर का बड़ा आयोजन उनके लिए भी खास है। उन्होंने खुद अनंत सिंह से इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया था। इसके लिए जरूरी सजावटी सामान उन्होंने पहले से ही जुटाकर रखा था।
पहले भी कई बड़े आयोजनों में कर चुके हैं काम
प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इससे पहले वह बिहार के पूर्व राज्यपाल फागू चौहान की पोती की शादी में भी स्टेज और टेंट का काम कर चुके हैं। उनके परिवार के यहां भी तीन कार्यक्रमों में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने इतने बड़े स्तर का आयोजन नहीं किया था। इस काम में उन्हें अनंत सिंह का भरपूर स्नेह मिल रहा है। गांव के लोग भी तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
