बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार सुबह गोपालगंज सदर की अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। दोनों से जुड़े पटना, रोहतास और गोपालगंज स्थित छह ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। रितेश कुमार पटना में पथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी इकाई ने यह कार्रवाई शुरू की। पटना से पहुंची SVU की टीम ने सुबह-सुबह अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। टीम आवासीय परिसरों और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों तथा संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
तीन जिलों में एक साथ पहुंची टीमें
इस कार्रवाई के तहत निगरानी इकाई की टीमों ने गोपालगंज के अलावा पटना और रोहतास में भी तलाशी ली। अधिकारियों की ओर से संबंधित ठिकानों पर उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य संपत्ति से जुड़े विवरणों की जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।
बिहार: लाखों मेहमान, 14 हलवाई टीमें-घुड़दौड़ का मैदान, कैसी है अनंत सिंह की बेटी शादी की तैयारी, देखें तस्वीर
जांच के बाद सामने आएगी संपत्ति की पूरी जानकारी
फिलहाल छापेमारी में क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। निगरानी इकाई की ओर से भी बरामदगी और जांच से जुड़े विस्तृत ब्योरे का खुलासा नहीं किया गया है। तलाशी पूरी होने और आधिकारिक बयान आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।