रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:छठ मनाने छुट्टी लेकर घर आए एसएसबी जवान की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल – Bihar: Ssb Jawan, Who Had Come Home On Leave To Celebrate Chhath, Dies In A Road Accident
सारण

बिहार:छठ मनाने छुट्टी लेकर घर आए एसएसबी जवान की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल – Bihar: Ssb Jawan, Who Had Come Home On Leave To Celebrate Chhath, Dies In A Road Accident

November 28, 2026


जिस घर में कुछ दिन पहले छठ पर्व की खुशियां गूंज रही थीं, वहां शनिवार को मातम पसरा था। परिवार के साथ छठ मनाने के लिए 20 दिनों की छुट्टी लेकर घर आए एसएसबी जवान अमरेंद्र सिंह उर्फ सोनू की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पिठौरी पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी और तीन बच्चों की चीख-पुकार से वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने गांव के लाल को अंतिम विदाई दी।

सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के पिठौरी गांव निवासी अमरेंद्र सिंह एसएसबी में तैनात थे। वे छठ पूजा के अवसर पर 20 दिनों की छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार के साथ त्योहार मनाने और खुशियां साझा करने के बीच एक सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के भीखाबांध के पास यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वे एक संबंधी के यहां से लौट रहे थे।

छठ की खुशियां मनाने आए थे, घर में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में बच्चों की हंसी और छठ पर्व की रौनक थी, वहां अचानक चीख-पुकार गूंजने लगी। परिजनों को यकीन नहीं हो रहा था कि कुछ समय पहले उनके बीच मौजूद सोनू अब कभी वापस नहीं लौटेंगे।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर गांव लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुट गई। पति का पार्थिव शरीर देखते ही पत्नी बदहवास हो गईं। वहीं, दो बेटियां और एक बेटा पिता के शव से लिपटकर रोते रहे। बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अमरेंद्र सिंह के असमय निधन से उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अमरेंद्र देश की सेवा में तैनात थे। उनका इस तरह दुनिया से चले जाना परिवार के साथ पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है।

अंतिम दर्शन के दौरान लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। हर कोई शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश करता नजर आया। आखिरकार गमगीन माहौल और नम आंखों के बीच पिठौरी गांव ने अपने जवान को अंतिम विदाई दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X