शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:त्योहारों से पहले बेगूसराय में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नौ से अधिक जगहों से लिए गए सैंपल – Inspection Food Item Hotel Begusarai Bihar News
मुंगेर

बिहार:त्योहारों से पहले बेगूसराय में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नौ से अधिक जगहों से लिए गए सैंपल – Inspection Food Item Hotel Begusarai Bihar News

November 9, 2026


बेगूसराय में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग और मिलावट की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर जिले के विभिन्न अनुमंडलों में होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जांच अभियान के दौरान खाद्य निरीक्षक डॉ. संजय चौधरी ने विभिन्न होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान नौ से अधिक प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की अगली कार्रवाई तय होगी।

खाद्य निरीक्षक डॉ. संजय चौधरी ने बताया कि जांच अभियान के तहत बेगूसराय के दो, बलिया के पांच तथा बरौनी के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में आम लोगों को मिलने वाले खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटखोरों पर प्रशासन की पैनी नजर

गौरतलब है कि पर्व-त्योहारों के दौरान मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है। अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से कुछ कारोबारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता किए जाने की आशंका रहती है। ऐसे में प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

ये भी पढ़ें- बिहार: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार, बस पलटने से तीन की मौत व 44 यात्री घायल; टायर फटने की आशंका

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस पहल से मिलावट पर अंकुश लगाने और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X