शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:नकली नोटों के बड़े गिरोह का खुलासा, 500 के 28 जाली नोटों के साथ तस्कर गिरफ्तार – Muzaffarpur Bihar News : Smuggler Arrest With Counterfeit Currency Links To Nepal And Bangladesh Investigation
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:नकली नोटों के बड़े गिरोह का खुलासा, 500 के 28 जाली नोटों के साथ तस्कर गिरफ्तार – Muzaffarpur Bihar News : Smuggler Arrest With Counterfeit Currency Links To Nepal And Bangladesh Investigation

November 12, 2026


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने 500 रुपये के 28 जाली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 20 हजार रुपये के नकली नोट लेकर आया था। इनमें से छह हजार रुपये के नोट वह स्थानीय बाजार में खपा चुका था, जबकि 14 हजार रुपये के नकली नोट पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जांच में इस कारोबार के पीछे संगठित गिरोह के सक्रिय होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क दूसरे राज्यों और सीमावर्ती जिलों तक फैला हुआ है।

बाजार में नकली नोट चलाने की मिली थी सूचना

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हुस्सेपुर जोड़ाकांही गांव में एक व्यक्ति नकली नोटों का इस्तेमाल कर रहा है। वह स्थानीय बाजार और लोगों के बीच जाली नोट देकर उन्हें खपाने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

छह हजार रुपये के नकली नोट बाजार में खपा चुका था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 20 हजार रुपये के जाली नोट लेकर आया था। इसमें से छह हजार रुपये के नकली नोट वह बाजार में चला चुका था। बाकी 14 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। बरामद नोट 500 रुपये के हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन लोगों को नकली नोट दिए और बाजार में अब तक कितने जाली नोट खपाए जा चुके हैं।

नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े लोगों से संपर्क की आशंका

ग्रामीण एसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में नकली नोटों की आपूर्ति करने वाले कई अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। जांच में संगठित गिरोह के काम करने की आशंका सामने आई है। गिरोह के संपर्क नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े कुछ लोगों से होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी इन संपर्कों और नकली नोटों की सप्लाई के स्रोत की पुष्टि करने में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्थानीय और दूसरे राज्यों के कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी भूमिका और गिरोह से जुड़े होने की जानकारी जुटा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोट कहां से लाए गए और किन लोगों के जरिए स्थानीय बाजार में पहुंचाए जा रहे थे।

गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच के लिए विशेष टीम गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। टीम गिरोह के अन्य सदस्यों, बाजार में नकली नोट खपाने वाले लोगों और इस कारोबार में शामिल आरोपियों की तलाश करेगी। इसके लिए तकनीकी जांच के साथ नकली नोटों की सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस इस मामले में अन्य एजेंसियों को भी जानकारी देगी, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस का लक्ष्य गिरोह की जड़ तक पहुंचकर उसके सक्रिय सदस्यों और मुख्य संचालकों को पकड़ना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X