रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:पप्पू यादव के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिरी, पांच घायल; सांसद बाल-बाल बचे – Purnia Mp Pappu Yadav Escapes Unhurt As Escort Vehicle Falls Into Ditch Near Katihar
पूर्णिया

बिहार:पप्पू यादव के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिरी, पांच घायल; सांसद बाल-बाल बचे – Purnia Mp Pappu Yadav Escapes Unhurt As Escort Vehicle Falls Into Ditch Near Katihar

November 23, 2026


पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव रविवार को एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर उनके काफिले में शामिल एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सांसद ने कहा कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से सभी सुरक्षित हैं और एक बड़ी अनहोनी टल गई।

हादसे की जानकारी देते हुए पप्पू यादव ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि हालिया बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी गीली थी, जिससे गाड़ी का झटका कम हुआ। यदि मिट्टी सूखी और सख्त होती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। सांसद ने सोशल मीडिया पर घटना का जिक्र करते हुए लिखा, ‘जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई… ईश्वर की कृपा और आप सबकी दुआओं से सभी की जान सुरक्षित है।’

पप्पू यादव ने हादसे के लिए सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया है।

सांसद ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ और निर्माण कार्य कर रही संवेदक कंपनी की उदासीनता पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह पर न तो खतरे का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही वाहनों के आवागमन के लिए उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी। सड़क पर दूर-दूर तक सुरक्षा संकेतक और बैरिकेडिंग भी नहीं लगाए गए थे।

उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि बिना सुरक्षा संकेतों और चेतावनी व्यवस्था के निर्माण कार्य कैसे जारी है? किसी बड़े जानलेवा हादसे के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद क्यों टूटती है? सांसद ने मामले में दोषी अधिकारियों और ठेकेदार कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X