रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:परिसीमन विधेयक पर आरजेडी में दो फाड़! लालू-तेजस्वी के विरोध के बीच सांसद सुरेंद्र यादव ने किया समर्थन – Rjd Delimitation Bill Split Surendra Prasad Yadav Support Lalu Tejashwi Opposition Today Bihar News
गया

बिहार:परिसीमन विधेयक पर आरजेडी में दो फाड़! लालू-तेजस्वी के विरोध के बीच सांसद सुरेंद्र यादव ने किया समर्थन – Rjd Delimitation Bill Split Surendra Prasad Yadav Support Lalu Tejashwi Opposition Today Bihar News

November 27, 2026


परिसीमन संशोधन विधेयक को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के भीतर सियासी मतभेद उभरते नजर आ रहे हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जहां इस विधेयक के विरोध में खड़ा बताया जा रहा है। वहीं, जहानाबाद से राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने खुलकर इसके समर्थन में बयान देकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

उनके इस रुख से पार्टी के भीतर दो अलग-अलग विचार सामने आने लगे हैं। गयाजी में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन विधेयक को जरूरी बताते हुए कहा कि वह इसके पक्षधर हैं। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत पार्टी के कई नेता इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं।

चार सांसदों के बीच अलग-अलग राय की चर्चा

राजद के लोकसभा सांसदों के बीच इस मुद्दे पर अलग-अलग राय होने की चर्चा है। जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव विधेयक के समर्थन में हैं, जबकि पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती और बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह के विरोध में रहने की बात सामने आ रही है। वहीं, औरंगाबाद से राजद सांसद अभय कुशवाहा के भी परिसीमन विधेयक के समर्थन में आने की चर्चा है। हालांकि, इन सांसदों के रुख को लेकर पार्टी की ओर से कोई औपचारिक सामूहिक घोषणा नहीं की गई है।

लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण कानून से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना है। सरकार के इस कदम के बाद देश की राजनीति में परिसीमन को लेकर बहस तेज हो गई है।

चार दिवसीय विशेष संसदीय सत्र पर भी नजर

इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने चार दिवसीय संसदीय सत्र बुलाए जाने की जानकारी दी है। सरकार की योजना के अनुसार, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में, जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में महत्वपूर्ण विधायी कार्य किए जाएंगे।

रिजिजू ने बताया कि इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को सूचित कर दिया गया है। साथ ही, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी बातचीत की गई है।

ये भी पढ़ें- बिहार: पहले गला दबाया, फिर पंखे से लटकाया शव? नवविवाहिता की मौत पर पिता ने उठाए सवाल; जांच रिपोर्ट का इंतजार

अब नेतृत्व के फैसले पर टिकी निगाहें

परिसीमन विधेयक का समर्थन करने वाले सुरेंद्र प्रसाद यादव के बयान से राजद के लिए असहज स्थिति पैदा हो सकती है। एक तरफ पार्टी नेतृत्व का विरोध और दूसरी तरफ सांसदों के समर्थन की चर्चा ने राजनीतिक समीकरण को दिलचस्प बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि लालू-तेजस्वी इस मुद्दे पर पार्टी के सभी सांसदों को एकमत कर पाते हैं या फिर राजद के भीतर मतभेद खुलकर सामने आते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X