गया:पाकिस्तान के आतंकी से कनेक्शन का शक, Ats ने अलीगंज से युवक को हिरासत में लिया; पुलिस को नहीं लगी भनक – Gaya-ats-raid-nishat-khurshid-detained-suspected-pakistan-terror-link
बिहार के गया में आतंकवाद से जुड़े संदिग्ध संपर्कों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदौती थाना क्षेत्र के अलीगंज मोहल्ले में रविवार शाम पहुंची एटीएस की टीम एक युवक को अपने साथ ले गई। युवक की पहचान निषात खुर्शीद के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, उसके पाकिस्तान में मौजूद आतंकी अबू बकर के संपर्क में होने का संदेह है। इसी आशंका के आधार पर एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, आतंकी संगठन से उसके किसी तरह के संबंध या आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एटीएस की इस गोपनीय कार्रवाई ने स्थानीय स्तर पर हलचल मचा दी है। सबसे अहम बात यह है कि जिला पुलिस को भी कार्रवाई की पूरी जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है।
अलीगंज पहुंची ATS की टीम, युवक को साथ ले गई
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम एटीएस की टीम चंदौती थाना क्षेत्र के अलीगंज मोहल्ले पहुंची थी। टीम ने वहां रहने वाले निषात खुर्शीद को अपने साथ लिया और पूछताछ के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पढ़ाई करता था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आतंकी अबू बकर से कोई संपर्क था या नहीं। यदि संपर्क था तो इसकी प्रकृति क्या थी और वह किन माध्यमों से बातचीत करता था।
स्थानीय पुलिस को कार्रवाई की विस्तृत जानकारी नहीं
एटीएस की इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला पहलू जिला पुलिस की भूमिका को लेकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस को भी इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी नहीं थी। गया के एसपी सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतनी जानकारी मिली है कि एटीएस की टीम निषात खुर्शीद को अपने साथ ले गई है। इसके अलावा कार्रवाई के कारणों और जांच से संबंधित कोई विस्तृत सूचना उनके पास उपलब्ध नहीं है।
एसपी के अनुसार एटीएस से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले में मीडिया को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। फिलहाल जिला पुलिस की ओर से युवक पर लगे किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की गई है।
परिवार के बारे में भी मोहल्ले के लोग चुप
एटीएस की कार्रवाई के बाद अलीगंज मोहल्ले में युवक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, उसके परिवार और सामाजिक गतिविधियों के बारे में आसपास के लोग खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं। स्थानीय युवकों के मुताबिक, परिवार का मोहल्ले के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था। परिवार सीमित लोगों से ही बातचीत करता था। ऐसे में आसपास के लोगों को भी युवक और उसके परिवार के बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं है।
पूछताछ के बाद सामने आएगी असली तस्वीर
फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल अनुत्तरित हैं। निषात खुर्शीद का पाकिस्तान में मौजूद कथित आतंकी अबू बकर से संपर्क किस आधार पर संदिग्ध माना गया? क्या सुरक्षा एजेंसियों को उसके मोबाइल, सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से कोई इनपुट मिला था? क्या इस मामले में किसी बड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है? इन सभी सवालों के जवाब एटीएस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल युवक को पूछताछ के लिए ले जाने की कार्रवाई ने गया में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
