बिहार:अख्तरूल ईमान के बयान पर महिला आयोग सख्त, सात दिन में मांगा जवाब; कार्रवाई की चेतावनी – Bihar-women-commission-notice-aimim-akhterul-iman-controversial-remark-news
विवाह समारोहों और महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के मामले में एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं अमौर विधायक अख्तरूल ईमान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बिहार राज्य महिला आयोग ने उनके बयान पर संज्ञान लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग ने विधायक से सात दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य सजल झा ने 24 नवंबर 2026 को यह नोटिस जारी किया। इसमें सार्वजनिक मंच से अमर्यादित, भड़काऊ और विवादास्पद बयान देने के मामले में विधायक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आयोग ने वीडियो का लिया संज्ञान, बताया सार्वजनिक मर्यादा के विरुद्ध
आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि उसके संज्ञान में अख्तरूल ईमान का एक वीडियो आया है। इसमें वह सार्वजनिक मंच से महिलाओं और विवाह समारोहों को लेकर कथित तौर पर अभद्र एवं अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही अन्य संवैधानिक मुद्दों पर भी भड़काऊ बयान देने का उल्लेख किया गया है।
आयोग ने इस तरह की टिप्पणी को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और सार्वजनिक मर्यादा के विरुद्ध बताया है। विधायक को नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
दुल्हन की मुंह दिखाई और वलीमा की रस्म पर की थी टिप्पणी
दरअसल, अख्तरूल ईमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह मुस्लिम समाज में विवाह के दौरान होने वाली रस्मों, दुल्हन की मुंह दिखाई, वलीमा में उपहार लेने और शादी में होने वाली फिजूलखर्ची को लेकर टिप्पणी करते नजर आए थे।
इसी दौरान दुल्हन की नुमाइश की तुलना तवायफ से करने वाली उनकी टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके बयान की आलोचना की थी।
नोटिस के बाद विधायक के जवाब पर टिकी नजरें
अब बिहार राज्य महिला आयोग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद यह मामला नए सिरे से चर्चा में है। आयोग ने विधायक को अपना पक्ष रखने के लिए सात दिन का समय दिया है। फिलहाल अख्तरूल ईमान की ओर से नोटिस के जवाब में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है, इस पर नजरें टिकी हैं।
