शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार न्यूज:छठ महापर्व की नहाय-खाय के साथ शुरुआत, बूढ़ी गंडक के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ – Muzaffarpur Bihar News :four Day Festival Chhath Begins Today First Day Commences With Nahay Khay
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार न्यूज:छठ महापर्व की नहाय-खाय के साथ शुरुआत, बूढ़ी गंडक के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ – Muzaffarpur Bihar News :four Day Festival Chhath Begins Today First Day Commences With Nahay Khay

November 14, 2026


लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुक्रवार से विधिवत शुरुआत हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस महाअनुष्ठान के पहले दिन नहाय-खाय मनाया जा रहा है। सुबह से ही नदी और तालाबों के घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। व्रती पवित्र जल में स्नान, ध्यान और पूजा-पाठ करने के बाद घर लौट रहे हैं। इसके बाद वे शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण कर चार दिवसीय व्रत का संकल्प ले रहे हैं। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि छठ प्रकृति से जुड़ने और सूर्य देव की उपासना का पर्व है। इसका इंतजार पूरे साल रहता है।

नहाय-खाय पर बूढ़ी गंडक नदी के घाटों पर उमड़ी भीड़

छठ पूजा के पहले दिन शुक्रवार को अहले सुबह से ही शहर के सीढ़ी घाट और बूढ़ी गंडक नदी के अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। बड़ी संख्या में छठ व्रती नदी में स्नान और ध्यान करने पहुंचे। स्नान के बाद व्रती पवित्र जल लेकर अपने घर लौटे, जहां पूजा-पाठ के बाद नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण किया।

नहाय-खाय के दिन व्रती शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखते हैं। इस दिन अरवा चावल, सेंधा नमक से बनी चने की दाल, लौकी की सब्जी और आंवले की चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं। कई जगहों पर कद्दू की सब्जी भी बनाई जाती है। इसी सात्विक भोजन को ग्रहण करने के साथ व्रती छठ महापर्व का संकल्प लेते हैं।

शनिवार को खरना, इसके बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा करेंगे और गुड़ की खीर सहित अन्य प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इस दौरान वे बिना अन्न और जल ग्रहण किए छठी मैया की आराधना करेंगे।

रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती नदी और तालाबों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सूर्य देव को सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

महिलाओं में दिखा उत्साह, बोलीं- पूरे साल रहता है छठ का इंतजार

छठ पूजा को लेकर महिला श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। व्रत करने वाली महिलाओं का कहना है कि उन्हें इस महापर्व का पूरे साल इंतजार रहता है। छठी मैया की कृपा से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार, यह पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता और सूर्य उपासना से भी जुड़ा है। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस महापर्व में शामिल होते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X