बेबसी :भैया दूज पर बहन के घर ले जानी पड़ेगी भांजे की लाश – Helplessness: On Bhai Dooj, A Sister Will Have To Receive The Body Of Her Nephew At Her Home
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। हरियाणा के जींद जिले के गांव नरवाना के रहने वाले सुभाष की आंखों में आंसू और चेहरे पर बेबसी है। हादसे में भांजे साहिल की मौत हो गई। वह कहता है कि भैया दूज पर आखिर बहन को क्या जवाब देगा। जवान भांजे का शव कैसे लेकर जाएगा। वह खुद को नहीं संभाल पा रहा, बहन को कैसे संभालेगा।
गमजदा मामा ने बताया कि उसका भांजा साहिल गुरुग्राम में रहकर कंपनी की टैक्सी चलाता था। दिवाली पर घर आया और फिर दोस्तों के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकल पड़ा। जान पहचान की वजह से उसने कार भी परिचित की ले ली। सोमवार को बहन की कॉल आई तो हादसे में घायल होने की जानकारी दी गई। वह कहता है कि अब समझ नहीं आ रहा है कि किस मुंह से घर पर साहिल का शव लेकर जाएंगे।
-घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था राहुल
हादसे में जान गंवाने वाले सगे भाई राहुल और अंकित के रिश्तेदार रणवीर ने बताया कि परिवार के दो कमाऊ सदस्य चले गए। राहुल घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था, जबकि अंकित भी परिवार को काफी सहारा लगाता था।
-अमन की ननिहाल से आई कॉल, अजय को ले गई मौत
हांसी के मोठ लुहारी से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रामअवतार ने बताया कि अमन उसके चाचा का लड़का था, उसकी ननिहाल राखी गढ़ी में है। दिवाली पर ननिहाल से किसी का फोन हरिद्वार जाने के लिए आया था। इसके बाद उसने गांव निवासी अपने दोस्त अजय को भी साथ चलने के लिए कॉल की। वह रात 12 बजे तक उसके पास ही बैठे हुए थे, तभी वह कहीं जाने की बात कहकर उसके पास से उठकर गया लेकिन नहीं पता था कि रविवार रात की मुलाकात अजय के साथ आखिरी होगी।
