मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका में रविवार दोपहर घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस टीम पर एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल हरेंद्र का हाथ कट गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया। पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो भाइयों के विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
सीओ दौराला शिव ठाकुर के अनुसार, व्यास वाटिका निवासी राकेश ने पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी थी कि उसका भाई अमरजीत उसके साथ मारपीट कर रहा है। घरेलू विवाद की शिकायत मिलने पर पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने अमरजीत को पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने अचानक तलवार निकाल ली और हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: भाई दूज पर नमो भारत की बढ़ेगी रफ्तार, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगे 32 अतिरिक्त फेरे