बैडमिंटन:2028 में थॉमस और उबर कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा भारत, बीडब्ल्यूएफ ने बदला टूर्नामेंट का प्रारूप – India To Host Thomas And Uber Cup Finals In 2028 As Bwf Announces Major Format Changes
भारत को अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन के एक बड़े आयोजन की मेजबानी मिली है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने मंगलवार को घोषणा की कि भारत 2028 में थॉमस और उबर कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही बीडब्ल्यूएफ ने अपनी प्रमुख बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के प्रारूप में कई बड़े बदलावों का भी एलान किया है। इनमें 2027 से विश्व चैंपियनशिप को ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित करना भी शामिल है। बीडब्ल्यूएफ की घोषणा के अनुसार, कनाडा का मिसिसॉगा शहर 2027 विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। वहीं, बीजिंग में 2027 सुदीरमन कप फाइनल्स आयोजित होंगे। दक्षिण कोरिया को 2029 सुदीरमन कप फाइनल्स और पेरिस को 2030 थॉमस एवं उबर कप फाइनल्स की मेजबानी सौंपी गई है।
दूसरी बार थॉमस और उबर कप की मेजबानी करेगा भारत
भारत दूसरी बार थॉमस और उबर कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2014 में नई दिल्ली में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था। इसके अलावा, नई दिल्ली ने इसी साल बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप और पिछले साल जूनियर विश्व चैंपियनशिप की भी मेजबानी की थी। भारतीय पुरुष टीम ने 2022 में पहली बार थॉमस कप का खिताब जीता था। इसके बाद इस साल डेनमार्क के हॉर्सेंस में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, भारतीय महिला टीम उबर कप में अब तक दो कांस्य पदक जीत चुकी है। उसका पहला कांस्य पदक 2014 में घरेलू मैदान पर आया था, जबकि दूसरा 2016 में हासिल किया था।
थॉमस और उबर कप में अब 24-24 टीमें लेंगी हिस्सा
बीडब्ल्यूएफ ने थॉमस और उबर कप फाइनल्स के प्रारूप में बड़ा बदलाव किया है। 2028 से इन दोनों प्रतियोगिताओं में 24 पुरुष और 24 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों को छह-छह के चार ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम ग्रुप चरण में चार मुकाबले खेलेगी और शीर्ष 12 टीमें नॉकआउट दौर में जगह बनाएंगी। इसके अलावा, 2028 से थॉमस और उबर कप में बेस्ट ऑफ थ्री मैच प्रारूप लागू किया जाएगा। नए अंक आधारित लीग सिस्टम के तहत टीमों को व्यक्तिगत मैच जीतने पर अंक मिलेंगे, भले ही टीम मुकाबला (टाई) जीते या हारे। वहीं, पूरी टाई जीतने वाली टीम को दो अतिरिक्त बोनस अंक भी दिए जाएंगे।
सुदीरमन कप में भी होगा बदलाव
सुदीरमन कप फाइनल्स में भी टीमों की संख्या और ग्रुप प्रारूप में बदलाव किया गया है। अब इस प्रतियोगिता में 24 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें आठ-आठ टीमों के तीन ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम ग्रुप चरण में तीन मुकाबले खेलेगी। हालांकि, इस टूर्नामेंट में पारंपरिक पांच मैचों वाला प्रारूप ही बरकरार रहेगा।
2027 से ओलंपिक की तर्ज पर होगी विश्व चैंपियनशिप
बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के प्रारूप में भी 2027 से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब यह प्रतियोगिता ओलंपिक खेलों की तर्ज पर आयोजित होगी, जिसमें पहले ग्रुप चरण और उसके बाद नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। यह बदलाव पांचों स्पर्धाओं यानी पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में लागू होगा। एकल स्पर्धाओं में 48 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिन्हें तीन-तीन खिलाड़ियों के 16 ग्रुप में बांटा जाएगा। वहीं, युगल स्पर्धाओं में 32 जोड़ियां होंगी, जिन्हें चार-चार जोड़ियों के आठ ग्रुप में रखा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो खिलाड़ी या जोड़ियां राउंड ऑफ 16 में पहुंचेंगी। इस नए प्रारूप के तहत हर खिलाड़ी और जोड़ी को कम से कम दो मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा।
3×15 स्कोरिंग सिस्टम भी होगा लागू
इन बदलावों के साथ बीडब्ल्यूएफ ने 3×15 स्कोरिंग सिस्टम और संशोधित बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर की भी घोषणा की है। इन फैसलों का उद्देश्य प्रतियोगिताओं में भागीदारी बढ़ाना, मुकाबलों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना और दर्शकों की दिलचस्पी को मजबूत करना है। बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष खुनयिंग पटामा लीस्वादत्राकुल ने कहा कि इन बदलावों का उद्देश्य बैडमिंटन की वैश्विक पहुंच बढ़ाना और अधिक देशों तथा खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि प्रमुख चैंपियनशिप के नए प्रारूप से प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी और अधिक सदस्य देशों के खिलाड़ी बैडमिंटन के सबसे बड़े आयोजनों का हिस्सा बन सकेंगे। 3×15 स्कोरिंग सिस्टम के साथ ये बदलाव खेल को अधिक आकर्षक बनाने और दुनिया भर में प्रशंसकों की भागीदारी बढ़ाने की व्यापक योजना का हिस्सा हैं।
