रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बॉडी-ब्रेन का उल्‍टा कनेक्‍शन: राइट हाथ को चलाता है लेफ्ट साइड का द‍िमाग, पर क्‍यों? 500000000 साल पुराना कारण
नॉलेज

बॉडी-ब्रेन का उल्‍टा कनेक्‍शन: राइट हाथ को चलाता है लेफ्ट साइड का द‍िमाग, पर क्‍यों? 500000000 साल पुराना कारण

November 23, 2026


जब आप अपने सीधे हाथ से कुछ उठाते हैं, तो आपके हाथ को ऐसा करने का आदेश आपके द‍िमाग के लेफ्ट साइड से म‍िलता है. जबकि इसके उलट जब आपके लेफ्ट पैर में खुजली होती है तो इसका मैसेज आपको राइट साइड के द‍िमाग से म‍िलता है. और ये स‍िर्फ आपके साथ नहीं बल्‍कि हर क‍िसी के साथ होता है क्‍योंकि हमारे द‍िमाग और शरीर का कनेक्‍शन ही उल्‍टा है. वैज्ञानिक भाषा में क्रॉस्ड वायरिंग या कॉन्ट्रालैटरल ऑर्गनाइजेशन कहते हैं. पर सवाल ये है कि आखिर ऐसा होता क्‍यों है? तो वैज्ञानिकों ने एक नई स्‍टडी में इस सवाल का जवाब 5 करोड़ साल पुरानी एक मछली में पाया है.

स‍िर्फ इंसान ही नहीं, ज्यादातर रीढ़ की हड्डी वाले जीवों में भी दिमाग और शरीर के बीच इस तरह का उल्टा कनेक्शन पाया जाता है. वैज्ञानिक लंबे समय से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ऐसा क्यों है. हालांकि इस बारे में अभी तक कई तरह की थ्योरी सामने आई हैं, लेकिन इसका जैविक और विकासवादी कारण पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है. अब अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के न्यूरोसाइंटिस्ट मार्टिन वेसेंडॉर्फ और डेनियल वांग ने इस सवाल का एक नया जवाब सुझाया है. यह नई स्‍टडी जर्नल ‘Frontiers in Neuroanatomy’ में प्रकाशित हुआ है. शोधकर्ताओं ने विकासवाद के नजरिए से यह समझने की कोशिश की है कि जानवरों में दिमाग की यह उलटी वायरिंग सबसे पहले कब और कैसे शुरू हुई होगी.

50 करोड़ साल पहले मछलियों में शुरू हुई थी उलटी वायरिंग?
‘साइंस अलर्ट’ में प्रकाशित इस र‍िपोर्ट में शोधकर्ताओं के मुताबिक बताया गया है कि दिमाग में नसों के रास्ते का सबसे पहला क्रॉसिंग शायद देखने की प्रक्रिया यानी विजन से जुड़ा था. इसकी शुरुआत करीब 50 करोड़ साल पहले बिना जबड़े वाली मछलियों में हुई होगी. इन मछलियों की आंखों में आने वाली रोशनी स्वाभाविक रूप से उलटी दिशा में छवि बनाती थी. उनकी आंखों से मिलने वाले संकेत दिमाग के दूसरी तरफ मौजूद एक हिस्से तक पहुंचते थे. इस हिस्से को ऑप्टिक टेक्टम कहते हैं. स्तनधारी जीवों में इसी तरह का काम दिमाग का सुपीरियर कोलिकुलस करता है.

बाद में जब जीवों में स्पर्श, कंपन और दर्द महसूस करने की क्षमता विकसित होने लगी, तो उनसे जुड़े संकेतों के रास्ते भी इसी सिस्‍टम को फॉलो करने लगे. यानी आंखों से शुरू हुई दिमाग की उलटी वायरिंग धीरे-धीरे शरीर की दूसरी संवेदनाओं और गतिविधियों तक फैलती गई.

क्‍या विकासवाद ने पुरानी व्यवस्था को ही आगे बढ़ाया?
इस र‍िसर्च के शोधकर्ताओं का मानना है कि जब स्तनधारी जीवों का विकास हुआ और उनके दिमाग में सेरेब्रल कॉर्टेक्स जैसे ज्यादा विकसित हिस्से बनने लगे, तब तक दिमाग की उलटी वायरिंग काफी पहले से मौजूद थी. ऐसे में विकासवाद के लिहाज से नई व्यवस्था बनाने के बजाय पुरानी व्यवस्था को ही आगे बढ़ाना ज्यादा आसान और प्रभावी रहा होगा. यानी दिमाग के नए हिस्सों ने पहले से मौजूद नसों के रास्तों के साथ तालमेल बैठा लिया.

शोधकर्ताओं के मुताबिक, जब करीब 16.5 करोड़ साल पहले वास्तविक स्तनधारी जीव सामने आए, तब तक उनके शरीर की संवेदनाओं और गतिविधियों को कंट्रोल करने वाले कई सिस्‍टम लगभग 20 करोड़ साल पहले से ही उलटी वायरिंग के आधार पर काम कर रहे थे. रिसर्च में वैज्ञानिकों ने लिखा है कि ऑप्टिक टेक्टम में पहले से मौजूद उलटी व्यवस्था ने बाद में विकसित होने वाले संवेदी और मोटर सिस्टम को भी इसी दिशा में विकसित होने के लिए प्रभावित किया होगा.

पहले की थ्योरी में क्या बताया गया था?
दिमाग की उलटी वायरिंग को समझाने के लिए पहले भी कई थ्योरी सामने आ चुकी हैं. कुछ वैज्ञानिकों का मानना था कि शरीर और दिमाग के बीच इस तरह का कनेक्शन किसी खास जैविक दक्षता की वजह से विकसित हुआ होगा. वहीं, एक दूसरी थ्योरी के मुताबिक, रीढ़ की हड्डी वाले जीवों के किसी प्राचीन पूर्वज का शरीर विकास के दौरान मुड़ गया होगा, जिसकी वजह से दिमाग और शरीर के बीच नसों के रास्ते उलटी दिशा में हो गए. हालांकि, मार्टिन वेसेंडॉर्फ और डेनियल वांग का कहना है कि ये पुरानी व्याख्याएं विकासवाद की पूरी कहानी को ध्यान में नहीं रखतीं. उनके मुताबिक, दिमाग की उलटी वायरिंग को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि अलग-अलग जीवों में यह व्यवस्था लाखों-करोड़ों साल के दौरान कैसे विकसित हुई.

हालांकि सबसे जरूरी बात ये है कि फिलहाल ये नई स्‍टडी भी एक नई वैज्ञानिक परिकल्पना ही है. इस नई स्‍टडी में रिसचरों ने कोई नई र‍िसर्च नहीं की है और न ही कोई नया जीवाश्म खोजा है. उन्होंने उभयचर से लेकर स्तनधारी जीवों तक, रीढ़ की हड्डी वाले जानवरों पर पहले से मौजूद अध्ययनों का विश्लेषण किया है. इसके आधार पर उन्होंने दिमाग की नसों के रास्तों के विकास का एक संभावित इतिहास तैयार किया है. तो अब ये थ्‍योरी क‍ितनी सही है, इसे समझने के ल‍िए प्राचीन जीवाश्‍मों का अध्‍ययन करना होगा. खासकर करीब 50 करोड़ साल पुरानी मछलियों के जीवाश्मों से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि दिमाग में नसों के रास्ते सबसे पहले कब दूसरी तरफ मुड़ने शुरू हुए थे.

इसके अलावा मगरमच्छ और पक्षियों जैसे उन जीवों के दिमाग की वायरिंग का भी अध्ययन किया जा सकता है, जिनकी नसों के रास्तों का पूरा नक्शा अभी तैयार नहीं हुआ है. इनके बीच समानताएं और अंतर यह समझने में मदद कर सकते हैं कि विकासवाद के दौरान दिमाग की उलटी वायरिंग कब और कैसे विकसित हुई.

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X