भारत के 100 रुपये की लंदन में क्या है कीमत? आखिर क्या-क्या खरीद पाईं यह लड़की, देखें वायरल वीडियो..
Last Updated:
लंदन के एक स्टोर में एक भारतीय युवती ने 100 रुपये लेकर खरीदारी करने की कोशिश की, लेकिन सैंडविच, पानी और ओरियो बिस्कुट तक उनके बजट से बाहर निकले. आखिरकार उन्हें सिर्फ 0.6 पाउंड की गाजर खरीदनी पड़ी. वीडियो ने भारत और लंदन की महंगाई का अंतर दिखाया. देखें आप भी ये वीडियो..
Viral Video : भारत में 100 रुपये के नोट से रोजमर्रा की कई छोटी-मोटी चीजें आसानी से खरीदी जा सकती हैं, लेकिन जब बात लंदन जैसे महंगे शहर की हो, तो तस्वीर बिल्कुल बदल जाती है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक दिलचस्प वीडियो में एक भारतीय युवती लंदन के एक सुपरमार्केट में हाथ में 100 रुपये का नोट लेकर यह परखती नजर आ रही हैं कि इतने पैसों में वहां क्या-क्या मिल सकता है. वीडियो में एक्सचेंज रेट के मुताबिक 100 रुपये की कीमत लगभग 0.8 पाउंड बताई गई है, जिसके सामने लंदन की महंगाई का अंतर साफ झलकता है.
सैंडविच और पानी की बोतल भी बजट से बाहर
स्टोर के अंदर पहुंचते ही युवती सबसे पहले खाने-पीने के सामान की ओर बढ़ती हैं. उन्होंने एक ‘चीज एंड अनियन सैंडविच’ देखा, जिसकी कीमत 1.5 पाउंड थी, इसलिए 100 रुपये में उसे लेना संभव नहीं हो पाया. इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि शायद 500 मिलीलीटर पानी की बोतल तो आ ही जाएगी, लेकिन वहां पानी की बोतल की कीमत 1.15 पाउंड (लगभग 143 रुपये) निकली. यह देखकर उन्हें निराशा हुई कि सामान्य पानी तक इस बजट में नहीं आ पा रहा है.
पत्ता गोभी और ओरियो बिस्कुट भी पड़े महंगे
आगे बढ़ते हुए उन्होंने सब्जी और स्नैक्स सेक्शन का रुख किया. वहां रखी पत्ता गोभी का पैकेट 0.89 पाउंड का था, जो उनके 0.8 पाउंड के बजट से थोड़ा ऊपर था. इसके बाद उन्होंने बच्चों और युवाओं के पसंदीदा ओरियो बिस्कुट की ओर देखा, लेकिन 1.65 पाउंड कीमत होने के कारण वे इसे भी नहीं ले सकीं. हर शेल्फ पर कीमत देखकर यह साफ हो रहा था कि लंदन में छोटी-छोटी चीजों के लिए भी पाउंड में अच्छा-खासा खर्च करना पड़ता है.
आखिर में हाथ लगी सिर्फ गाजर
पूरे स्टोर का चक्कर लगाने के बाद जब लगा कि शायद खाली हाथ ही लौटना पड़ेगा, तभी युवती की नजर गाजर के पैकेट पर पड़ी. इसकी कीमत 0.6 पाउंड (लगभग 75 रुपये) थी, जो उनके बजट के भीतर फिट बैठ रही थी. आखिरकार उन्होंने मुस्कुराते हुए वही गाजर लेने का फैसला किया. यह हल्का-फुल्का वीडियो न सिर्फ मनोरंजन करता है, बल्कि करेंसी एक्सचेंज और विदेशों में रहन-सहन के अंदाज को भी शो करता है.

Kirtika Tyagi is a dedicated journalist and multimedia producer with good experience in writing and creating digital content, especially videos. She understands what the audience likes and knows how to present …
और पढ़ें
