भारत-ब्रिटेन मिलकर बनाएंगे मैग्नेटिक नैनोरोबोट:शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचेगी दवा; साइड इफेक्ट भी होंगे कम – India-uk Scientists Join Forces To Develop Magnetic Nanorobots For Targeted Drug Delivery
भारत और ब्रिटेन के वैज्ञानिक मिलकर ऐसी तकनीक विकसित करने में जुटे हैं, जिससे शरीर के अंदर बेहद छोटे रोबोट को चुंबक की मदद से नियंत्रित किया जा सकेगा। ये नैनोरोबोट शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने, अपने साथ जरूरी चीजें ले जाने और तय जगह पर उन्हें छोड़ने में सक्षम हो सकते हैं। इससे भविष्य में गंभीर बीमारियों के इलाज और दवाओं को सीधे प्रभावित हिस्से तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
इस परियोजना पर ब्रिटेन के इम्पीरियल कॉलेज लंदन और बंगलूरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के वैज्ञानिक मिलकर काम कर रहे हैं। इम्पीरियल कॉलेज ने इस साझेदारी की घोषणा इसी सप्ताह की है। इस शोध में सिंथेटिक बायोलॉजी और नैनोरोबोटिक्स को एक साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
कृत्रिम कोशिकाओं के साथ जुड़ेंगे चुंबकीय मोटर
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ऐसी कृत्रिम कोशिकाएं तैयार करना है, जिनमें बेहद छोटे चुंबकीय मोटर लगाए जाएंगे। ये मोटर छोटे इंजन की तरह काम करेंगे और कृत्रिम कोशिकाओं को कठिन वातावरण में भी आगे बढ़ने में मदद करेंगे।
कृत्रिम कोशिकाएं ऐसी संरचनाएं होती हैं, जिन्हें वैज्ञानिक प्रयोगशाला में तैयार करते हैं। इनमें जीवित कोशिकाओं के कुछ खास गुण और काम करने की क्षमता होती है। हालांकि, ज्यादातर कृत्रिम कोशिकाएं खुद चल नहीं सकतीं और न ही अपनी मर्जी से किसी तय जगह तक पहुंच सकती हैं। वैज्ञानिक अब पॉलिमर से बने छोटे-छोटे थैलों यानी वेसिकल्स में चुंबकीय नैनोमोटर लगाकर इस कमी को दूर करने की कोशिश करेंगे।
खून और जीवित कोशिकाओं के अंदर पहुंच सकते हैं नैनोरोबोट
इस परियोजना में भारतीय विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर अंबरिश घोष की टीम अहम भूमिका निभा रही है। उनकी टीम चुंबकीय नैनोरोबोट पर काम कर रही है। शोधकर्ताओं ने ऐसे सिस्टम विकसित किए हैं, जो मानव रक्त, ऊतकों और यहां तक कि जीवित कोशिकाओं के अंदर भी जा सकते हैं।
प्रोफेसर घोष के मुताबिक, उनकी टीम ने चुंबकीय नैनोरोबोट को जटिल जैविक वातावरण में नियंत्रित करना सीखा है। हालांकि, ये रोबोट मूल रूप से अकार्बनिक पदार्थों से बने होते हैं। वहीं, इम्पीरियल कॉलेज की डॉ. क्लाउडिया कॉन्टिनी की टीम कृत्रिम कोशिकाओं पर काम कर रही है। ये कोशिकाएं अपने अंदर सामग्री रखने और जरूरत पड़ने पर उसे बाहर छोड़ने में सक्षम हो सकती हैं। दोनों तकनीकों को मिलाकर ऐसा सिस्टम तैयार करने की योजना है, जिसे चुंबक से किसी खास जगह तक पहुंचाया जा सके और वहां कोई निर्धारित काम कराया जा सके।
दवाओं के साइड इफेक्ट कम करने में मिलेगी मदद
इस तकनीक का सबसे बड़ा संभावित फायदा इलाज के क्षेत्र में देखने को मिल सकता है। अभी जब दवा शरीर में पहुंचती है, तो उसके अणु खून के साथ शरीर के अलग-अलग हिस्सों में फैल सकते हैं। इससे कई बार उन अंगों पर भी असर पड़ता है, जहां इलाज की जरूरत नहीं होती। ऐसे में बाहरी चुंबकीय क्षेत्र की मदद से कृत्रिम कोशिकाओं को शरीर के किसी खास हिस्से तक पहुंचाया जा सकेगा। वहां ये कोशिकाएं अपने अंदर मौजूद दवा या दूसरी सामग्री छोड़ सकती हैं।
इससे दवा की कम मात्रा इस्तेमाल करने की संभावना बढ़ सकती है और अनचाहे साइड इफेक्ट भी कम हो सकते हैं। हालांकि, यह तकनीक अभी शोध के शुरुआती चरण में है और इसके वास्तविक चिकित्सा उपयोग के लिए आगे परीक्षण जरूरी होंगे।
भारत-ब्रिटेन के वैज्ञानिकों को मिलेगा साझा मंच
यह परियोजना इम्पीरियल कॉलेज के इंडिया कनेक्ट फंड की मदद से चलाई जा रही है। इसके तहत दोनों संस्थानों के वैज्ञानिक एक-दूसरे के साथ तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण और शोध सुविधाएं साझा करेंगे। इस साझेदारी का उद्देश्य केवल नैनोरोबोट विकसित करना ही नहीं, बल्कि सिंथेटिक बायोलॉजी और नैनोरोबोटिक्स के क्षेत्र में लंबे समय तक शोध का मंच तैयार करना भी है। इससे छात्रों को प्रशिक्षण और दोनों देशों के शोधकर्ताओं को मिलकर नई तकनीक विकसित करने के अवसर मिलेंगे।
