रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भोजपुरी से राजस्थानी तक, कौनसी हैं वो 38 भाषाएं जिन्‍हें अभी तक नहीं मिली है संव‍िधान की आठवीं सूची में जगह?
नॉलेज

भोजपुरी से राजस्थानी तक, कौनसी हैं वो 38 भाषाएं जिन्‍हें अभी तक नहीं मिली है संव‍िधान की आठवीं सूची में जगह?

November 28, 2026


भारत जैसे व‍िशाल देश में अनेक भाषाएं-बोल‍ियां बोली जाती हैं. इसील‍िए यह कहावत भी प्रचलित है कि ‘कोस-कोस पर बदले पानी, चार कोस पर बानी…’ यानी यहां हर चार कोस पर भाषा या बोली में बदलाव नजर आ जाता है. इतना ही नहीं, भारत में एक राज्‍य में भी एक भाषा नहीं बोली जाती. कई बार एक ही राज्‍य में भी अलग-अलग बोल‍ियां-भाषाएं हैं. हाल ही में संविधान दिवस यानी 26 नवंबर के मौके पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली में भारतीय संविधान के सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में अपडेटेड संस्करण जारी किए. उनका कहना था कि जब लोगों को संविधान अपनी मातृभाषा में पढ़ने और समझने का मौका मिलेगा, तो शासन व्यवस्था और आम नागरिकों के बीच दूरी कम होगी. पर क्‍या आप जानते हैं कि हमारे देश की आधिकारिक भाषाएं कौनसी हैं? देश में क‍ितनी भाषाएं हैं ज‍िन्‍हें अभी तक आधिकारिक नहीं माना गया है?

पहले समझें कि केंद्र सरकार की आध‍िकारिक कामकाज की भाषा हिंदी है, जो देवनागरी स्क्रिप्ट में लिखी जाती है. यह भारतीय संविधान के आर्टिकल 343 में बताया गया है. वैसे ऑफिशियल लैंग्वेज एक्ट, 1963 के तहत सरकारी कामों के लिए हिंदी के साथ-साथ इंग्लिश का भी इस्तेमाल किया जाता है. हां, लेकिन भारत की कोई एक राष्‍ट्रीय भाषा नहीं है. यानी संवैधानिक रूप से भारत में क‍िसी एक भाषा को राष्‍ट्रीय भाषा का दर्जा नहीं है.

संविधान की 22 अनुसूचित भाषाएं क्या हैं?
भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं को अनुसूचित भाषाएं यानी Scheduled Languages कहा जाता है. फिलहाल इस सूची में 22 भाषाएं शामिल हैं. ये वे भाषाएं हैं, जिन्हें संविधान में विशेष स्थान दिया गया है. भारत की कुल आबादी में से 96.71 फीसदी लोग इन 22 भाषाओं में से किसी एक को अपनी मातृभाषा के रूप में बोलते हैं. वहीं, बाकी 3.29 फीसदी आबादी की मातृभाषा दूसरी भाषाएं हैं, जो आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं हैं.

संविधान की आठवीं अनुसूची में कौन-कौन सी 22 भाषाएं हैं?
भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में असमिया, बांग्ला, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, कोंकणी, मैथिली, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, नेपाली, ओड़िया, पंजाबी, संस्कृत, संथाली, सिंधी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं. इन सभी को अनुसूचित भाषाओं का दर्जा प्राप्त है.

संविधान में कब-कब शामिल हुईं ये भाषाएं?
जनवरी 1950 में जब भारत का संविधान लागू हुआ, तब आठवीं अनुसूची में 14 भाषाओं को जगह दी गई थी. इसके बाद अप्रैल 1967 में सिंधी को इस सूची में शामिल किया गया. अगस्त 1992 में तीन और भाषाओं- कोंकणी, मणिपुरी और नेपाली को आठवीं अनुसूची का हिस्सा बनाया गया. इसके बाद जनवरी 2004 में बोडो, डोगरी, मैथिली और संथाली को भी इस सूची में शामिल कर लिया गया. इस तरह आठवीं अनुसूची में भाषाओं की संख्या बढ़कर 22 हो गई.

38 और भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग
आठवीं अनुसूची में फिलहाल 22 भाषाएं हैं, लेकिन कई दूसरी भाषाओं को भी इसमें शामिल करने की मांग लंबे समय से उठती रही है. गृह मंत्रालय के मुताबिक, संविधान की आठवीं अनुसूची में 38 और भाषाओं को शामिल करने के प्रस्ताव मिले हैं.

इनमें अंगिका, बंजारा, बज्जिका, भोजपुरी, भोटी, भोटिया, बुंदेलखंडी, छत्तीसगढ़ी, धातकी, अंग्रेजी, गढ़वाली (पहाड़ी), गोंडी, गुज्जर/गुज्जरी, हो, कच्छी, कामतापुरी, कार्बी, खासी, कोडवा (कूर्ग), कोकबरक, कुमाऊंनी (पहाड़ी), कुराक, कुरमाली, लेप्चा, लिम्बू, मिजो (लुशाई), मगही, मुंडारी, नागपुरी, निकोबारी, पहाड़ी (हिमाचली), पाली, राजस्थानी, संबलपुरी/कोसली, शौरसेनी (प्राकृत), सरायकी, तेन्यिडी और तुलु शामिल हैं.

नई भाषाओं को शामिल करने के लिए क्या हैं नियम?
फिलहाल संविधान की आठवीं अनुसूची में किसी भाषा को शामिल करने के लिए कोई तय मानदंड नहीं है. यानी सरकार ने ऐसा कोई निश्चित पैमाना तय नहीं किया है, जिसके आधार पर यह फैसला किया जा सके कि किसी भाषा को अनुसूचित भाषा का दर्जा दिया जाना चाहिए या नहीं. इसी वजह से इस प्रक्रिया को पूरा करने की भी कोई तय समय-सीमा नहीं है.

नई भाषाओं को शामिल करने का मामला इसलिए भी जटिल है, क्योंकि कई भाषाएं एक से ज्यादा राज्यों में बोली जाती हैं. उनका इस्तेमाल किसी एक राज्य की सीमा तक सीमित नहीं है. इसके अलावा, समय के साथ भाषाओं और बोलियों में बदलाव भी होता रहता है. सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां भी इनके विकास को प्रभावित करती हैं. ऐसे में किसी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए एक ऐसा सर्वमान्य मानदंड तय करना मुश्किल है, जो सभी भाषाओं पर समान रूप से लागू हो सके.

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X