भारी बर्फबारी और खराब मौसम से जानमाल के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सुप्रसिद्ध शिकारी माता मंदिर के कपाट 20 नवंबर से बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स की मंदिर की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजीत शर्मा ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। समुद्र तल से करीब 3,359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी होती है। रास्तों पर बर्फ जमने और मौसम खराब होने से सफर जोखिम भरा हो जाता है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने लोगों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति में पुलिस थाना जंजैहली या एसडीएम कार्यालय थुनाग से संपर्क किया जा सकता है।