मध्यप्रदेश:भोपाल में महिला हॉकी का महाकुंभ शुरू, छह देशों की टीमें भिड़ेंगी; 28 नवंबर तक चलेगा रोमांच – Women’s Asian Hockey Champions Trophy Begins In Bhopal, Six Nations To Compete Until November 28
भोपाल में गुरुवार से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज हो गया। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित छह देशों की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। 28 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान भारत और मलेशिया के बीच खेला जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने मैदान पर उतरने वाली दोनों टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भारतीय टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन भी किया गया। भोपाल पहली बार इस स्तर की महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस आयोजन से प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के साथ महिला हॉकी को भी नया मंच मिला है।
ये भी पढ़ें- अच्छी खबर: सीएम यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया टीएमजेड का शुभारंभ, 15 हजार से ज्यादा रोजगार मिलेंगे
हॉकी फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही : मुख्यमंत्री
शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह खेलों का स्वर्णिम दिवस है। प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महिला हॉकी का यह टूर्नामेंट 28 नवंबर तक चलेगा और इसमें छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के हॉकी स्टेडियम और पूरे स्पोर्ट्स एरीना में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उनके नेतृत्व में देश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है और हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही है।
ये भी पढ़ें- एमपी: अखाड़ों की सत्ता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग, अध्यक्ष और महामंत्री जैसे पद देने की पैरवी
सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी मध्यप्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है। प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश की अतिथि सत्कार की परंपरा के अनुरूप यहां के खिलाड़ी भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।
ये भी पढ़ें- 2028 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा: 230 विधानसभा में तैनात होंगे सेवा दूत, 25 दिन तक करेंगे संगठन की समीक्षा
शूटिंग, हॉकी और जूडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
पिछले तीन साल में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 201 पदक जीते हैं। एशियन गेम्स 2026 में खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए। शूटिंग में नीरू बांडा, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे ने प्रदर्शन किया, वहीं हॉकी में विवेक सागर प्रसाद और इशिका चौधरी ने प्रदेश का नाम रोशन किया। जूडो में यामिनी मौर्य और पैरा जूडो में कपिल परमार ने उपलब्धियां हासिल कीं। इसके अलावा भारोत्तोलन, महिला क्रिकेट, कुश्ती, सॉफ्ट टेनिस, बॉक्सिंग, नौकायन, तलवारबाजी और पैरा कैनो के खिलाड़ियों ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
ये भी पढ़ें- एमपी: भोपाल में आज से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, पहले मैच में मलेशिया से भिड़ेगा भारत, सीएम होंगे शामिल
18 खेलों के लिए 11 अकादमियां
प्रदेश में खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों में तैयार करने के लिए 11 अकादमियां हैं। इनमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, घुड़सवारी और ट्रायथलॉन के साथ मार्शल आर्ट्स की कुश्ती, बॉक्सिंग, तलवारबाजी, जूडो, कराटे और ताइक्वांडो अकादमियां शामिल हैं। इसके अलावा पुरुष और महिला हॉकी, शूटिंग तथा वॉटर स्पोर्ट्स की सेलिंग, रोइंग और कयाकिंग-कैनोइंग अकादमियां भी संचालित हैं।
