मनोहर प्लान :टॉप-3 में लौटने के लिए जनता के भरोसे करनाल – Manohars Plan Relying On The Public In Karnal To Return To The Top 3
करनाल। स्वच्छता के नाम पर साल में करीब 35 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं लेकिन शहर की सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों से कचरे के ढेर पूरी तरह नहीं हट पा रहे। प्रदेश में नंबर-1 और लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल करने वाला करनाल राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-3 में जगह नहीं बना सका। अब इससे भी आगे निकलने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने जनभागीदारी का नया प्लान दिया है।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को करनाल प्रवास पर थे। उन्होंने कहा कि करनाल हरियाणा के सबसे सुंदर शहरों में माना जाता है। यहां हर कोई रहना चाहता है। पिछले साल स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर देश के पहले तीन शहरों में शामिल था। इस प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए केवल नगर निगम के भरोसे नहीं रहा जा सकता। मेयर और पार्षद हर सप्ताह अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करें। जहां भी सफाई में कमी मिले, वहां निगम कर्मचारियों के सहयोग से तत्काल सफाई कराएं।
केंद्रीय मंत्री की योजना के तहत मेयर और पार्षद हर सप्ताह शहर का दौरा करेंगे। मनोहर लाल ने विधायक जगमोहन से ‘मेरा करनाल, सुंदर करनाल, स्वच्छ करनाल’ अथवा ‘योगदान क्लब’ गठित करने को कहा। इसमें शहर के लोगों को जोड़कर हर महीने किसी एक क्षेत्र में सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने तीन साल पहले एक धार्मिक-सामाजिक संस्था की ओर से चलाए गए विशेष सफाई अभियान का उदाहरण भी दिया। उनका कहना था कि पहले लोग अपने घर के बाहर गली और आसपास की सफाई खुद करते थे। इसी भावना को फिर से जगाने की जरूरत है।
रैंकिंग से पिछड़ने के कारण
सफाई कर्मचारियों की 37 दिन की हड़ताल में फैली गंदगी।
शहर में फ्लाईओवर समेत निर्माण कार्यों के कारण उड़ती धूल और गंदगी।
सड़कों की खराब हालत और कई क्षेत्र सीवरेज लीकेज पर पब्लिक फीडबैक।
नाइट स्वीपिंग नियमित न हो पाना। टेंडर देरी से हुआ।
कचरा पृथक्करण में कमी।
स्वच्छता उपलब्धियां-
2017 : राष्ट्रीय स्तर पर 65वां स्थान, उत्तर भारत में प्रथम।
2018 : राष्ट्रीय स्तर पर 41वां स्थान, उत्तर भारत का प्रथम स्वच्छ शहर।
2019 : राष्ट्रीय स्तर पर 24वां स्थान, स्कॉच अवॉर्ड में हरियाणा में प्रथम।
2020 : राष्ट्रीय स्तर पर 17वां स्थान, गारबेज फ्री सिटी में हरियाणा में प्रथम।
2021 : राष्ट्रीय स्तर पर 86वां स्थान, प्रेरक दौर सम्मान में गोल्ड अनुपम रैंकिंग।
2022 : राष्ट्रीय स्तर पर 85वां स्थान, हरियाणा में तीसरा स्थान।
2023: राष्ट्रीय स्तर पर 115वां स्थान, हरियाणा में दूसरा स्थान।
2024 : राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान, राष्ट्रपति पुरस्कार और हरियाणा में प्रथम।
2025 : देश के स्वच्छ शहरों में शामिल होने पर दोबारा राष्ट्रपति पुरस्कार।
