मां की मौत के बाद अनाथ हो गया था नन्हा बंदर, शख्स ने दिया सहारा, अब हर जगह रहता साथ, दोनों की जोड़ी ने जीता दिल!
Last Updated:
तूफान में मां की मौत के बाद अनाथ हुए नन्हे बंदर बजरंगी को नकुल ने सहारा दिया और अपने साथ रख लिया. अब बजरंगी हर वक्त नकुल के करीब रहना पसंद करता है, यहां तक कि बाइक की सवारी के दौरान भी उनकी कमर पकड़कर बैठा रहता है. दोनों की अनोखी दोस्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं.
नकुल और बजरंगी की अनोखी दोस्ती(फोटो: Instagram-@manishkrocks)
दोस्ती और अपनापन सिर्फ इंसानों के बीच ही नहीं होता, बल्कि जानवर भी अपने प्यार और व्यवहार से दिल जीत लेते हैं. कई बार सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो देखने को मिल जाते हैं, जिन्हें देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसमें एक शख्स बाइक चला रहा है और उसके पीछे एक छोटा-सा बंदर बैठा नजर आ रहा है. खास बात यह है कि बंदर पूरे रास्ते शख्स की कमर को कसकर पकड़े रहता है. दोनों के बीच का यह अनोखा रिश्ता देखकर लोग काफी खुश हो रहे हैं.
इस वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर मनीष कुमार ने अपने अकाउंट @manishkrocks पर शेयर किया है. क्लिप में मनीष एक शख्स को रिकॉर्ड करते दिखाई देते हैं, जिसका नाम नकुल है. नकुल सड़क पर अपनी बाइक चला रहे हैं और पीछे की सीट पर उनका छोटा-सा साथी बैठा है. यह कोई आम यात्री नहीं, बल्कि उनका पालतू बंदर है, जिसका नाम बजरंगी है. वीडियो में बजरंगी डायपर पहने नजर आता है. वह बाइक की पिछली सीट पर बैठकर दोनों हाथों से नकुल की कमर पकड़े रहता है. सफर के दौरान वह कभी इधर देखता है तो कभी उधर, लेकिन नकुल को छोड़ता नहीं है. उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे वह अपने साथी के साथ बाइक की सवारी का पूरा आनंद ले रहा हो. इस अनोखे नजारे को देखकर लोग भी हैरान हैं कि एक छोटा बंदर किस तरह शख्स के साथ इतना घुल-मिल गया है.
View this post on Instagram
