पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी ने मालवा की तीन आरक्षित सीटों पर सियासी समीकरण साधने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी के भीतर संभावित उम्मीदवारों और चुनाव क्षेत्रों में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
इन चर्चाओं के केंद्र में पंजाबी अभिनेता एवं आप नेता कर्मजीत अनमोल हैं। उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाने की अटकलों के बीच दिड़बा, बुढलाडा और नाभा सीटों पर संभावित फेरबदल की चर्चा हो रही है। इस कवायद को मौजूदा विधायकों के खिलाफ संभावित सत्ता विरोधी रुझान और नए चेहरों के जरिये चुनावी समीकरण साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।