रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मौत के मुंह से लौटे लोगों को क्यों याद रहती है उस अजीब अनुभव की हर एक बात, साइंस ने खोला दिमाग का यह राज
नॉलेज

मौत के मुंह से लौटे लोगों को क्यों याद रहती है उस अजीब अनुभव की हर एक बात, साइंस ने खोला दिमाग का यह राज

November 23, 2026


अब यहां 2 स्‍थ‍ितियों पर सवाल पैदा होता है. पहला कि क्‍या ये यादें वाकई इतने साल तक जिंदा रहती हैं या क्योंकि ये अनुभव इतने असाधारण होते हैं कि लोग इन्हें बार-बार याद करते हैं और दूसरों को बताते हैं, इसल‍िए इनकी याद इतनी मजबूत हो जाती है? मनोविज्ञान में किसी याद को बार-बार दोहराने या उसके बारे में सोचने की इस प्रक्रिया को ‘रिहर्सल’ कहा जाता है. इससे यादें दिमाग में और मजबूत हो सकती हैं.

कितनी अलग नियर डेथ एक्सपीरियंस की यादें?
साल 2013 में बेल्जियम की यूनिवर्सिटी ऑफ लीज के न्यूरोसाइंटिस्ट मैरी थोनार्ड और वैनेसा चारलैंड-वर्विल ने इस सवाल को समझने के लिए एक अलग तरीके से रिसर्च की. शोधकर्ताओं ने 15 सवालों वाली ‘मेमोरी कैरेक्टरिस्टिक्स क्वेश्चनेयर’ का एक खास रूप इस्तेमाल किया. यह मनोविज्ञान में यादों की विशेषताओं को समझने के लिए इस्तेमाल होने वाला टूल है. इस रिसर्च में कोमा से बाहर आए 21 लोगों को शामिल किया गया. इनमें से आठ लोगों ने नियर डेथ एक्सपीरियंस होने की बात बताई थी. इसके अलावा 18 स्वस्थ लोगों को भी रिसर्च का हिस्सा बनाया गया.

रिसर्च के नतीजे काफी चौंकाने वाले थे. जिन लोगों ने नियर डेथ एक्सपीरियंस होने की बात कही थी, उन्होंने अपनी उन यादों को सामान्य और काल्पनिक घटनाओं की यादों से कहीं ज्यादा विस्तृत बताया. यहां तक कि सामान्य जिंदगी की बेहद भावनात्मक घटनाओं की यादें भी उनके मुकाबले कमजोर थीं. इन लोगों के मुताबिक, मौत के करीब पहुंचने के दौरान हुए अनुभव ज्यादा साफ, गहरे और प्रभावशाली थे. उन्हें ऐसा लगता था कि उन्होंने जिंदगी में कोई बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण घटना अनुभव की है.

रिसर्चरों ने यह भी जानने की कोशिश की कि क्या इन यादों को बार-बार दोहराने यानी रिहर्सल करने से ये इतनी मजबूत हो गई थीं. लेकिन रिसर्च में ऐसा कोई खास अंतर नहीं मिला. लोगों ने अपने नियर डेथ एक्सपीरियंस की यादों को उतनी ही बार दोहराया था, जितनी बार वे सामान्य जिंदगी की घटनाओं को याद करते थे. हालांकि, इस बेल्जियम रिसर्च की एक सीमा भी थी. इसमें नियर डेथ एक्सपीरियंस बताने वाले लोगों की संख्या सिर्फ आठ थी. इसलिए इन नतीजों को बड़े स्तर पर समझने के लिए और रिसर्च की जरूरत थी.

वैज्ञानिकों के मन में यह सवाल भी लगातार बना हुआ था कि नियर डेथ एक्सपीरियंस की यादें आखिर कितने लंबे समय तक वैसी ही बनी रह सकती हैं. साल 2024 में यूनिवर्सिटी ऑफ लीज की न्यूरोसाइंटिस्ट शार्लेट मार्शियल के नेतृत्व में एक रिसर्च की गई. इसमें लंबे समय तक इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रहने के बाद ठीक हुए मरीजों का अध्ययन किया गया. इनमें 19 ऐसे लोग थे, जिन्होंने नियर डेथ एक्सपीरियंस होने की बात कही थी. हालांकि, इनमें से सिर्फ 11 लोग ही एक साल बाद हुए फॉलो-अप में शामिल हो पाए. लेकिन उनके जवाबों से पता चला कि उनके अनुभवों की यादों में बहुत कम बदलाव आया था. इससे एक बार फिर संकेत मिला कि नियर डेथ एक्सपीरियंस से जुड़ी यादें सामान्य यादों के मुकाबले ज्यादा समय तक बनी रह सकती हैं.

दिमाग में कैसे बनती हैं ऐसी गहरी यादें?
वैज्ञानिक अभी तक यह नहीं समझ पाए हैं कि नियर डेथ एक्सपीरियंस की यादें इतनी गहरी और लंबे समय तक बनी रहने वाली क्यों होती हैं. साथ ही, ये यादें इंसान की अपनी पहचान और खुद को समझने की भावना से इतनी मजबूती से क्यों जुड़ जाती हैं. वैज्ञानिक जानते हैं कि भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण घटनाएं इंसान की व्यक्तिगत यादों यानी ऑटोबायोग्राफिकल मेमोरी में गहराई से दर्ज हो सकती हैं. लेकिन नियर डेथ एक्सपीरियंस से जुड़ी यादों की खासियत बताती है कि दिमाग में यादें बनने और लंबे समय तक सुरक्षित रहने की प्रक्रिया को अभी और समझने की जरूरत है.

2026 की रिसर्च में दिमाग के किन हिस्सों में दिखी हलचल?
साल 2026 में प्रकाशित एक शुरुआती रिसर्च में वैज्ञानिकों ने इसी सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश की. स्पेन की कैथोलिक यूनिवर्सिटी ऑफ मर्सिया के न्यूरोसाइंटिस्ट जोस अलोंसो रुइज के नेतृत्व में शोधकर्ताओं ने 15 लोगों के दिमाग की गतिविधियों को समझने के लिए फंक्शनल मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (fMRI) तकनीक का इस्तेमाल किया. इस तकनीक की मदद से यह देखा गया कि जब लोग अपने नियर डेथ एक्सपीरियंस को याद कर रहे थे, तब उनके दिमाग के कौन-कौन से हिस्से सक्रिय हो रहे थे.

रिसर्च में दिमाग के ऐसे कई हिस्सों में गतिविधि देखी गई, जिनका संबंध ऑटोबायोग्राफिकल मेमोरी और सेल्फ-रेफरेंशियल थिंकिंग से है. ये वे प्रक्रियाएं हैं, जिनकी मदद से हम अपनी जिंदगी की घटनाओं को याद करते हैं और उन्हें अपनी पहचान यानी हम कौन हैं, इससे जोड़ते हैं.

हालांकि, इस रिसर्च की एक अहम सीमा है. इसमें वैज्ञानिकों ने सिर्फ यह देखा कि लोग अपने नियर डेथ एक्सपीरियंस को याद करते समय दिमाग में कैसी गतिविधि दिखाते हैं. उन्होंने उस समय दिमाग में क्या होता है, जब व्यक्ति वास्तव में मौत के करीब पहुंचता है, इसका अध्ययन नहीं किया.

फिलहाल, अब तक हुई रिसर्च से इतना जरूर पता चलता है कि नियर डेथ एक्सपीरियंस इंसानी याददाश्त में एक खास जगह रखते हैं. इनसे जुड़ी यादें बेहद साफ, विस्तृत और व्यक्तिगत हो सकती हैं. इतना ही नहीं, जिंदगी की दूसरी खास और भावनात्मक घटनाओं की यादों के मुकाबले भी ये लंबे समय तक वैसी ही बनी रह सकती हैं.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X