शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
यूपी:गोंडा में पटाखा लाइसेंस के लिए रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई – Up: Two Policemen Suspended For Accepting Bribe For Verification Of Firecracker Licence In Gonda, Action Taken
गोंडा

यूपी:गोंडा में पटाखा लाइसेंस के लिए रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई – Up: Two Policemen Suspended For Accepting Bribe For Verification Of Firecracker Licence In Gonda, Action Taken

November 9, 2026


 यूपी के गोंडा जिले में पटाखा दुकान के लाइसेंस के मामले में पुलिसकर्मियों के द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है।  पटाखा लाइसेंस के सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में एसपी अभिषेक झा ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद, नगर कोतवाली में तैनात सिपाही अजीत सिंह और सीओ सिटी कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी सुमन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली में तैनात सिपाही अजीत सिंह का 5 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पटाखा लाइसेंस के सत्यापन के एवज में एक आवेदक से 1,000 रुपये लेते दिखाई दे रहे हैं।

इसी तरह, सीओ सिटी कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी सुमन का भी एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह एक व्यक्ति से 1,000 रुपये काउंटर की दराज में रखने के लिए कहती सुनाई दे रही हैं। यह वीडियो भी 5 नवंबर की दोपहर का बताया जा रहा है।

दोनों वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी अभिषेक झा ने अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक को मामले की जांच सौंपी थी। एएसपी पूर्वी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के निर्देश दिए।

पान की दुकान लगाने के नाम पर 40 हजार की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

गोंडा जिले के इटियाथोक स्थित पारासराय में पान की दुकान लगाने के एवज में 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और दुकानदार से मारपीट कर 10 हजार रुपये छीनने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बेन्दुली निवासी आनंद तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है।

बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरब टोला पूर्वी निवासी संजीव सेन पारासराय में पान की दुकान चलाते हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शुक्रवार को आनंद तिवारी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंचा था। आरोप है कि दोनों ने दुकान लगाने के एवज में 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद दुकानदार को जबरन बाइक पर बैठाकर खरगूपुर रोड ले गए और वहां उससे 10 हजार रुपये छीन लिए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए खरगूपुर की तरफ फरार हो गए।

थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि रविवार को आरोपी आनंद तिवारी को करूवापारा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 3,000 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X